सहारनपुर के बेहट क्षेत्र में कलसिया नहर के पास एक महिला का शव नग्न अवस्था में मिला है। मृतका की पहचान सपना पत्नी प्रदीप कश्यप के रूप में हुई है। सीसीटीवी में महिला नंगे पांव घर से निकलती दिखी थी। पुलिस हत्या और आत्महत्या के एंगल पर जांच कर रही है।

रात की खामोशी में घर से निकली एक महिला, नंगे पांव अंधेरे में जाती हुई सीसीटीवी में कैद हुई और कुछ ही घंटों बाद उसका शव नहर में मिला। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से सामने आया यह मामला हर किसी को झकझोर रहा है। बेहट थाना क्षेत्र के महाजनान कस्बे में रहने वाली महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पुलिस को भी असमंजस में डाल दिया है।

कलसिया नहर के पास मिला शव

मृतका की पहचान सपना पत्नी प्रदीप कुमार कश्यप के रूप में हुई है। मामला सहारनपुर के कोतवाली बेहट इलाके के कलसिया नहर का है, जहां पूर्वी यमुना नहर में महिला का शव बरामद किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

यह भी पढ़ें: UP में अब एक और Expressway पर हुआ Accident, फॉर्च्यूनर में बैठे 4 लोगों की मौत

सीसीटीवी में कैद आखिरी तस्वीर

परिजनों के मुताबिक सोमवार देर रात तक सब कुछ सामान्य था। मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे जब सपना घर में नहीं मिली तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन के बाद मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। फुटेज में सपना रात करीब 2:30 बजे घर से बाहर निकलती हुई दिखाई दी। वह नंगे पांव थी और आखिरी बार बेहट मंडी समिति के पास नजर आई। इसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिला।

बिना कपड़ों और जेवर के मिला शव

पति प्रदीप कश्यप ने बताया कि कुछ ही घंटों बाद उन्हें सपना का शव नहर में मिलने की सूचना मिली। शव से कपड़े और जेवर गायब थे, जबकि सपना आमतौर पर जेवर पहनकर ही रहती थी। इस तथ्य ने परिजनों के संदेह को और गहरा कर दिया है।

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

कोतवाली बेहट प्रभारी सतपाल सिंह भाटी के अनुसार सर्च अभियान के दौरान कलसिया नहर के पास पूर्वी यमुना नहर में सपना का शव नग्न अवस्था में मिला। परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।

हत्या या आत्महत्या, पुलिस असमंजस में

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में पुलिस खुद यह तय नहीं कर पा रही है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

हर एंगल से जांच जारी

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है। महिला की मौत के पीछे क्या वजह है, यह सवाल पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और परिजन न्याय की गुहार लगा रहे हैं।

यह भी पढ़ें: UP Kabaddi League में नई एंट्री! सपना चौधरी बनीं JD नोएडा निंजाज़ की ब्रांड एंबेसडर