Wedding Drama in UP: बरेली में दूल्हे ने नशे में दोस्त को वरमाला पहना दी, जिसके बाद दुल्हन ने शादी तोड़ दी। दूल्हे के परिवार का कहना है कि दोस्तों ने कोल्ड ड्रिंक में नशे की गोली मिलाई थी।

Bareilly Wedding Drama: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के क्योलड़िया थाना क्षेत्र में एक अजीबोगरीब घटना सामने आई, जहां शादी के मंडप में शराब के नशे में धुत दूल्हे ने अपनी दुल्हन की जगह अपने दोस्त के गले में वरमाला डाल दी। यह देख दुल्हन ने गुस्से में शादी से इंकार कर दिया और पूरी बारात को बैरंग लौटा दिया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

वरमाला के दौरान दूल्हे की हरकत देख भड़की दुल्हन

शनिवार रात क्योलड़िया थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी का समारोह चल रहा था। वरमाला की रस्म के दौरान दूल्हा और दुल्हन स्टेज पर पहुंचे। पहले दुल्हन ने दूल्हे को वरमाला पहनाई, लेकिन जब दूल्हे की बारी आई, तो उसने नशे में धुत होकर अपनी ही दोस्त के गले में वरमाला डाल दी।

इस नजारे को देख दुल्हन भड़क उठी और तुरंत शादी से इंकार कर दिया। रिश्तेदारों और बारातियों ने दुल्हन को मनाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उसने अपना फैसला नहीं बदला। दुल्हन के इंकार करने के बाद मामला बढ़ता देख पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दूल्हे रविंद्र कुमार और उसके पिता बाबूराम को थाने ले जाकर पूछताछ की। दुल्हन के पिता ने दूल्हे के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और सार्वजनिक रूप से अपमानित करने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करवाई। साथ ही, पुलिस ने दूल्हे, उसके पिता और तीन दोस्तों पर शांतिभंग का चालान कर दिया।

यह भी पढ़ें: "नेताजी का अपमान नहीं सहेंगे!" यूपी विधानसभा में घमासान, बृजेश पाठक के बयान पर भड़के सपा नेता?

दूल्हे के परिवार का दावा – दोस्तों ने कोल्ड ड्रिंक में मिलाई थी नशे की गोली

दूल्हे के पिता बाबूराम ने दावा किया कि उनका बेटा शराब नहीं पीता। उन्होंने आरोप लगाया कि उसके दोस्तों ने साजिश के तहत कोल्ड ड्रिंक में नशे की गोली मिलाकर उसे पिला दी, जिसके कारण वह अपना होश खो बैठा और यह घटना घटी। हालांकि, दुल्हन पक्ष ने इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया और शादी से इंकार कर दिया।

घटना के बाद दूल्हे के परिवार ने दुल्हन के परिवार से समझौते की कोशिश की। दूल्हे के परिजनों ने दुल्हन के नाम एक भूखंड देने तक की पेशकश की, लेकिन दुल्हन अपने फैसले पर अडिग रही और शादी से मना कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, यह रिश्ता महज एक महीने पहले तय हुआ था। दुल्हन पक्ष ने तिलक में 2.51 लाख रुपये और शादी के दिन 2 लाख रुपये दहेज के रूप में दिए थे। लेकिन, इस घटना के बाद उन्होंने रिश्ता तोड़ने का फैसला कर लिया।

शादी में पुलिस को करना पड़ा इंटरफेयर!

इस मामले पर पुलिस का कहना है कि पूरी घटना की जांच की जा रही है। आरोपों की सत्यता की पुष्टि के लिए दूल्हे के दोस्तों से भी पूछताछ की जाएगी। साथ ही, दहेज उत्पीड़न के आरोपों पर भी जांच की जाएगी। इस अनोखी शादी का मामला सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ यूजर्स ने दुल्हन के फैसले की तारीफ की, जबकि कुछ ने इसे सिर्फ एक गलतफहमी बताया।

यह भी पढ़ें: Mahakumbh 2025: खुले में शौच से गंगा मैली! UP सरकार पर लग सकता है 10 करोड़ का जुर्माना?