Yogi Government: योगी सरकार ने 5 सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों के नाम बदले हैं। महान हस्तियों और देवी-देवताओं के नाम पर अब ये कॉलेज जाने जाएँगे। इससे छात्रों को प्रेरणा मिलेगी।

UP News: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने राज्य के पांच सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों के नाम बदलने का बड़ा फैसला लिया है। इसका मकसद तकनीकी शिक्षा को नई पहचान देना और छात्रों को प्रेरणा से जोड़ना है। सरकार के इस प्रस्ताव को राज्यपाल और कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने मंजूरी दे दी है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

हस्तियों और देवताओं के नाम से जाने जाएंगे कॉलेज

सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज अब उन महान हस्तियों और देवताओं के नाम से जाने जाएंगे जिन्होंने देश और समाज के लिए ऐतिहासिक योगदान दिया है। इस संबंध में प्राविधिक शिक्षा विभाग के अनुभाग-1 की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है।

किन कॉलेजों के बदले गए नाम

प्रतापगढ़ का राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज अब 'भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर इंजीनियरिंग कॉलेज' के नाम से जाना जाएगा। मिर्जापुर का कॉलेज अब 'सम्राट अशोक इंजीनियरिंग कॉलेज' कहलाएगा। वहीं, बस्ती का इंजीनियरिंग कॉलेज 'भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल इंजीनियरिंग कॉलेज' के नाम से जाना जाएगा।

गोंडा का कॉलेज अब 'मां पाटेश्वरी देवी इंजीनियरिंग कॉलेज' के नाम से जाना जाएगा, जबकि मैनपुरी का इंजीनियरिंग कॉलेज 'लोकमाता देवी अहिल्या बाई होल्कर इंजीनियरिंग कॉलेज' के नाम से जाना जाएगा। सरकार का मानना ​​है कि इन नामों से न सिर्फ कॉलेजों की पहचान मजबूत होगी, बल्कि छात्र देश के महान इतिहास और आदर्श व्यक्तित्वों से भी जुड़ सकेंगे। 

सीएम की मंजूरी के बाद बदले गए कॉलेज के नाम

विशेष सचिव विनोद कुमार की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि यह फैसला संस्थानों को सिर्फ शिक्षा केंद्र के रूप में नहीं बल्कि प्रेरणा केंद्र के रूप में विकसित करने का एक प्रयास है। इससे पहले प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष कुमार पटेल ने 21 मई को नाम परिवर्तन का प्रस्ताव मुख्यमंत्री को भेजा था, जिसे अब मंजूरी मिल गई है।