यूपीआईटीएस 2025 में महिला शक्ति का जलवा दिखा। डॉ. निधि जैन ने लखनऊ की चिकनकारी को वैश्विक पहचान दिलाई और 30 से अधिक महिलाओं को रोजगार देकर आत्मनिर्भरता का मार्ग बनाया। योगी सरकार की नीतियों से महिला उद्यमिता को नई उड़ान मिल रही है।
उत्तर प्रदेश की धरती पर अब सिर्फ सपने नहीं, बल्कि उन्हें पूरा करने का साहस भी मिल रहा है। कभी लखनऊ के एक छोटे से कमरे से अपनी यात्रा शुरू करने वाली डॉ. निधि जैन आज महिला शक्ति और आत्मनिर्भरता की चमकती मिसाल बन चुकी हैं। उनकी सफलता न केवल उनकी मेहनत की कहानी है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि कैसे योगी सरकार की नीतियों ने महिलाओं को व्यापार और उद्यमिता में नए अवसर दिए हैं।
लखनऊ के छोटे कमरे से नोएडा के स्टूडियो तक का सफर
आठ साल पहले डॉ. जैन ने लखनऊ में केवल सपनों और हिम्मत के साथ अपना काम शुरू किया। पारंपरिक चिकनकारी और एम्ब्रॉयडरी को उन्होंने अपने ब्रांड की पहचान बनाया। धीरे-धीरे संसाधनों और काम का दायरा बढ़ा और आज उनके आधुनिक स्टूडियो न केवल लखनऊ बल्कि नोएडा में भी स्थापित हैं। यहां 30 से 40 महिलाएं रोजगार पाकर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं।
यह भी पढ़ें: Ram Janmabhoomi Darshan: राम संग अयोध्या में दिखेगी वाल्मीकि-निषादराज की आस्था, PM मोदी ने क्या कहा?
लखनऊ की चिकनकारी को दिलाई वैश्विक पहचान
हाथों से बनने वाली उनकी चिकनकारी डिज़ाइन आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान बना रही है। खासियत यह है कि हर डिजाइन महीनों की मेहनत का नतीजा होता है। यही वजह है कि यूपीआईटीएस 2025 में उनके स्टॉल को खरीदारों से लेकर महिला उद्यमियों तक ने खूब सराहा।
योगी सरकार की नीतियों से मिला संबल और आत्मविश्वास
डॉ. निधि जैन मानती हैं कि उनकी सफलता का बड़ा हिस्सा उत्तर प्रदेश सरकार की नीतियों का परिणाम है। ब्याजमुक्त लोन, आसान सब्सिडी और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस की व्यवस्था ने उनके जैसे कई महिला उद्यमियों के लिए राह आसान कर दी। सुरक्षित माहौल और नीतिगत समर्थन ने महिलाओं को व्यापार जगत में नई पहचान दिलाई है।
यूपीआईटीएस 2025 बना महिला शक्ति का बड़ा मंच
ग्रेटर नोएडा में आयोजित यूपीआईटीएस 2025 ने महिला उद्यमिता को वैश्विक मिट्टी से जोड़ने का बड़ा अवसर दिया। डॉ. जैन के चिकनकारी उत्पादों ने न केवल अंतरराष्ट्रीय खरीदारों का ध्यान खींचा बल्कि अन्य महिलाओं को भी रोजगार और उद्यमिता की राह पर चलने की प्रेरणा दी। यह आयोजन इस बात का प्रमाण है कि उत्तर प्रदेश अब निवेश और महिलाओं के लिए एक सुरक्षित व बेहतर गंतव्य बन चुका है।
बदलते यूपी में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस से नया दौर
डॉ. जैन कहती हैं, पिछले साढ़े आठ सालों में उत्तर प्रदेश ने ऐतिहासिक बदलाव देखा है। अब व्यापार शुरू करना आसान है, इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत हुआ है और बाजार तक पहुंचना सरल हो गया है। सबसे महत्वपूर्ण बदलाव यह है कि अब महिलाएं सुरक्षा और आत्मविश्वास के साथ अपना व्यवसाय चला पा रही हैं।
महिला सशक्तिकरण की नई कहानी
डॉ. निधि जैन की यात्रा इस बात का जीता-जागता सबूत है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में महिला उद्यमिता और सशक्तिकरण का नया अध्याय लिखा जा रहा है। वे खुद आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ अन्य महिलाओं के जीवन में भी सम्मान और रोजगार की रोशनी फैला रही हैं।
यह भी पढ़ें: UP NEWS: क्या है मेरठ मॉडल, CM योगी बोले-पूरी यूपी को इसको फॉलो करना चाहिए
