Janata Darshan Update: लखनऊ में आयोजित ‘जनता दर्शन’ में सीएम योगी आदित्यनाथ ने सैनिकों और आम लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने सैनिकों को आश्वासन दिया कि उनके परिवार की जिम्मेदारी सरकार की है और हर समस्या का समयबद्ध समाधान किया जाएगा।

Yogi Adityanath Janata Darshan News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में आए लोगों, खासकर सैनिकों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार हर नागरिक के साथ खड़ी है और उनकी सुरक्षा, सम्मान व सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।

सैनिकों को सीएम का संदेश: देशसेवा करें, परिवार की चिंता सरकार पर छोड़ें

कार्यक्रम में पहुंचे सैनिकों से मुख्यमंत्री ने कहा कि वे बिना किसी चिंता के देश की सेवा करें। उन्होंने कहा कि उनके परिवार और प्रदेश की 25 करोड़ जनता की देखभाल की जिम्मेदारी सरकार की है। सरकार इस दिशा में शुरुआत से ही गंभीरता से काम कर रही है। सीएम ने सैनिकों को आश्वस्त किया कि उनकी सभी समस्याओं का समाधान तय समय सीमा के भीतर कराया जाएगा, जिससे वे निश्चिंत होकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें।

जमीनी विवाद और अन्य मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश

‘जनता दर्शन’ में कई सैनिक जमीनी विवाद से जुड़े मामलों को लेकर भी पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उनके प्रार्थना पत्र लेकर संबंधित जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे तुरंत सैनिकों और उनके परिवारों से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा में लगे जवानों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर और समयबद्ध तरीके से किया जाए, ताकि उनके परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

पुलिस, आर्थिक सहायता और स्थानांतरण से जुड़े मामलों की भी सुनवाई

कार्यक्रम में पुलिस से जुड़े मामलों, जमीनी विवाद, आर्थिक सहायता और स्थानांतरण से संबंधित कई शिकायतें भी आईं। मुख्यमंत्री ने सभी लोगों की समस्याएं ध्यान से सुनीं और अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर मामले का निष्पक्ष और नियमानुसार समाधान किया जाए। जमीनी विवाद के मामलों में उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी पक्षों को सुनकर ही उचित कार्रवाई की जाए, जिससे न्याय सुनिश्चित हो सके।

इलाज के लिए आर्थिक मदद: सरकार करेगी पूरा सहयोग

आर्थिक सहायता के लिए आए लोगों से मुख्यमंत्री ने कहा कि वे इलाज के लिए आवेदन करते समय अस्पताल से खर्च का अनुमान (एस्टिमेट) जरूर बनवा लें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार हर जरूरतमंद की मदद के लिए तैयार है। सीएम ने कहा कि मरीज की देखभाल परिवार करे और इलाज की चिंता सरकार पर छोड़ दे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि धन की कमी के कारण किसी का इलाज रुकने नहीं दिया जाएगा।