उत्तराखंड के चंद्रशिला में ट्रेकिंग पर आई एक रूसी महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह भारतीयों से कचरा न फेंकने की अपील कर रही है। महिला ने यह भी कहा कि हमें प्रकृति से प्यार और उसका सम्मान करना सीखना चाहिए।

कहीं भी कचरा फेंक देना अक्सर हम भारतीयों की आदत होती है। चाहे कोई भी पब्लिक प्लेस हो, लोग प्लास्टिक के थैले, कागज और इस्तेमाल की हुई बोतलें ऐसे ही फेंक देते हैं। भारत घूमने आने वाले विदेशियों को अक्सर इससे बहुत परेशानी होती है। अब, एक रूसी महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह टूरिस्टों से कचरा न फेंकने और भारत की प्राकृतिक सुंदरता का सम्मान करने की अपील कर रही हैं।

उत्तराखंड में चंद्रशिला पर ट्रेकिंग कर रही एक रूसी महिला सोशल मीडिया पर छाई हुई है। हाल ही में चोपता, तुंगनाथ और चंद्रशिला की यात्रा करने वाली @tanya_in_india नाम की यूजर ने इस वीडियो को अपने इंस्टाग्राम पोस्ट पर शेयर किया है। चंद्रशिला हिंदू तीर्थयात्रियों और प्रकृति प्रेमियों, दोनों के लिए एक पसंदीदा जगह है। लेकिन रोज़ाना हजारों लोगों के आने-जाने वाली इन जगहों पर फैला कचरा बहुत ही निराशाजनक नज़ारा है। कई बार तो चोटी के ऊपर तक कचरा फैला हुआ दिखाई देता है।

View post on Instagram

उन्होंने पोस्ट में लिखा, "हमारे पास सिर्फ एक ही बैग था, इसलिए हम जितना हो सका उतना कचरा इकट्ठा कर पाए।" बाद में, पहाड़ से नीचे उतरकर उन्होंने उस कचरे को सही तरीके से ठिकाने लगाया। महिला ने बेस पर मौजूद स्थानीय कर्मचारियों को भी इस बारे में बताया। उन्होंने आगे लिखा, "कृपया पहाड़ों में कचरा न फेंके। आप जिस जगह पर आते हैं, उसका सम्मान करें। अगर आप इसे साफ करने में मदद कर सकते हैं, तो यह एक बहुत अच्छा काम है।" इस पोस्ट पर कई लोगों ने कमेंट्स किए। बहुतों ने सार्वजनिक जगहों और प्रकृति को कचरा फेंकने से बचाने की जरूरत पर जोर दिया।