AC खरीदने का है प्लान? इन 5 बातों को इग्नोर किया तो बिजली बिल छुड़ा देगा पसीने!
AC Buying Tips: प्रचंड गर्मी ने हालत खराब कर दी है। दिल्ली, यूपी से राजस्थान तक पारा 44-45 डिग्री पार जा रहा। ऐसे में हर कोई AC खरीदने की सोच रहा है। शोरूम जाने से पहले 5 बातें नहीं समझीं, तो एसी की ठंडक तो मिलेगी, लेकिन बिजली बिल पसीने छुड़ा देगा।

1. स्टार रेटिंग का असली मतलब समझें
हम अक्सर सस्ते के चक्कर में 2-स्टार या 3-स्टार AC उठा लाते हैं, लेकिन याद रखिए, जितना कम स्टार, उतना ज्यादा बिजली का बिल। अगर आप दिन में 8-10 घंटे AC चलाने वाले हैं, तो 5-स्टार AC ही लें। शुरुआत में ये 3-5 हजार महंगा लगेगा, लेकिन सालभर में यह आपकी बिजली के बिल में उससे कहीं ज्यादा की बचत कर देगा।
2. इन्वर्टर AC या नॉन-इन्वर्टर?
आजकल इन्वर्टर AC का बहुत शोर है। ये कोई इन्वर्टर से चलने वाला AC नहीं है, बल्कि इसकी टेक्नोलॉजी ऐसी है कि कमरा ठंडा होने पर इसका कंप्रेसर पूरी तरह बंद होने के बजाय धीमी स्पीड पर चलता रहता है। इससे बिजली का झटका नहीं लगता और बिल कम आता है। अगर आपका इस्तेमाल ज्यादा है, तो आंख बंद करके इन्वर्टर AC ही चुनें।
3. कमरे का साइज और पावर
10x10 के छोटे कमरे के लिए 2 टन का AC लेना समझदारी नहीं है। छोटे कमरे के लिए 1 टन, मीडियम रूम (150 स्क्वायर फीट तक) के लिए 1.5 टन और बड़े हॉल के लिए ही 2 टन का AC लें। गलत साइज का AC या तो कमरा ठंडा नहीं करेगा या फिर बेवजह बिजली खाएगा।
4. एल्युमिनियम नहीं, कॉपर कॉइल ही मांगें
दुकानदार आपको सस्ता AC दिखाने के लिए एल्युमिनियम कंडेंसर वाला मॉडल दे सकता है। एल्युमिनियम कॉइल जल्दी खराब होती है और इसे रिपेयर करना मुश्किल होता है। हमेशा 100% कॉपर कॉइल (Copper Condenser) वाला AC ही खरीदें। ये लंबे समय तक चलता है और इसकी कूलिंग भी जबरदस्त होती है।
5. शोर और सर्विस
AC लेते वक्त उसका शोर लेवल (Noise Level) जरूर चेक करें। अगर AC सोते समय तेज आवाज करे, तो नींद खराब होना तय है। साथ ही, अपने शहर में उस ब्रांड का सर्विस सेंटर जरूर देख लें। गर्मी में अगर AC खराब हुआ और मैकेनिक 4 दिन बाद आया, तो आपकी हालत खराब हो जाएगी।
नई तकनीक, AI अपडेट्स, साइबर सुरक्षा, स्मार्टफोन लॉन्च और डिजिटल नवाचारों की आसान और स्पष्ट रिपोर्टिंग पाएं। ट्रेंडिंग इंटरनेट टूल्स, ऐप फीचर्स और गैजेट रिव्यू समझने के लिए Technology News in Hindi सेक्शन पढ़ें। टेक दुनिया की हर बड़ी खबर तेज़ और सही — केवल Asianet News Hindi पर।

