iPhone Duo foldable display problem: एप्पल के पहले फोल्डेबल फोन 'आईफोन डुओ' की अंदरूनी स्क्रीन टूटने की शिकायतें आ रही हैं। एप्पल ने सर्विस सेंटर्स को जांच के निर्देश दिए हैं। वारंटी खत्म होने पर स्क्रीन बदलवाने का खर्च काफी ज्यादा है।

Apple Foldable Smartphone Repair Cost: एप्पल के पहले फोल्डेबल स्मार्टफोन 'आईफोन डुओ' (iPhone Duo) की अंदरूनी स्क्रीन में दरारें आने की शिकायतें मिल रही हैं। एप्पल ने अपने रिटेल स्टोर्स और ऑथराइज्ड सर्विस सेंटर्स को निर्देश दिया है कि वे ऐसे फोन की जांच करें और उन्हें रिपेयर करें या रिप्लेसमेंट दें। शुरुआती दौर में फोन खरीदने वाले कुछ ग्राहकों ने स्क्रीन खराब होने की ये शिकायतें की हैं।

टेक न्यूज वेबसाइट 'मैकरूमर्स' (MacRumors) की रिपोर्ट के मुताबिक, एप्पल ने इस हफ्ते एक इंटरनल मेमो के जरिए ये नए निर्देश जारी किए हैं। कंपनी का कहना है कि आईफोन डुओ के बहुत कम यूनिट्स में ही यह दिक्कत आई है। एप्पल ने पहले ही बता दिया था कि जिन ग्राहकों को डिस्प्ले में परेशानी आ रही है, वे एप्पलकेयर (AppleCare) से संपर्क करें।

आईफोन डुओ की स्क्रीन टूटने की वजह क्या है?

ग्राहकों के हाथ में फोन पहुंचने के कुछ ही समय बाद, अंदर के डिस्प्ले में दरारें और चमकती हुई लाइनें दिखने की शिकायतें आने लगीं। ज्यादातर दिक्कतें फोन के बीच वाले हिस्से यानी हिंज (hinge) के पास रिपोर्ट की गई हैं। मैकरूमर्स की रिपोर्ट के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया के एक ग्राहक ने 20 बार से भी कम फोन को खोला और बंद किया था, और उसकी स्क्रीन में दरार आ गई। ग्राहक ने साफ बताया कि फोन पर बाहर से कोई डैमेज नहीं हुआ था।

हिंज में खराबी हो सकती है असली वजह

एप्पल ने अभी तक इस समस्या की असली वजह आधिकारिक तौर पर नहीं बताई है। लेकिन, रिपेयर वेबसाइट 'आईफिक्सिट' (iFixit) की शुरुआती जांच में हिंज सिस्टम में खराबी होने का इशारा मिला है। आईफिक्सिट का मानना है कि फोन को मोड़ते समय हिंज के अंदर मौजूद सपोर्ट बार ठीक से अंदर की तरफ नहीं खिसकता। इससे डिस्प्ले के एक खास हिस्से पर ज्यादा दबाव पड़ता है, जिससे दरार आ सकती है। आईफिक्सिट ने हिंज का स्ट्रक्चर समझने के लिए टेस्ट फुटेज, पेटेंट और सीटी स्कैन का इस्तेमाल करके एक 3D मॉडल तैयार किया है। हालांकि, रिपोर्ट में यह भी साफ किया गया है कि यह सिर्फ एक संभावना है और एप्पल ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

स्क्रीन रिपेयर कराना काफी महंगा, लगेंगे 999 डॉलर

आईफिक्सिट ने बताया कि आईफोन डुओ का अंदरूनी डिस्प्ले बदलना कोई आसान काम नहीं है। हालांकि, अब तक टेस्ट किए गए फोल्डेबल फोन्स में इसे रिपेयर करना सबसे आसान बताया गया है, फिर भी इसे रिपेयरेबिलिटी स्कोर में 10 में से सिर्फ 5 नंबर ही मिले हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, अगर फोन की वारंटी खत्म हो जाती है, तो अमेरिका में इसकी स्क्रीन बदलवाने का खर्च 999 डॉलर (करीब 94,817 रुपये) आएगा।

कोई रिकॉल नहीं, ग्राहकों को क्या करना चाहिए?

फिलहाल, एप्पल ने स्क्रीन की इस खराबी को लेकर कोई ऑफिशियल रिकॉल या स्पेशल रिपेयर प्रोग्राम का ऐलान नहीं किया है। सर्विस सेंटर्स को यही निर्देश है कि वे अपने मौजूदा चेकिंग और रिपेयर प्रोसेस को ही फॉलो करें। अगर ग्राहकों को स्क्रीन में दरारें या अजीब सी लाइट वाली लाइनें दिखती हैं, तो उन्हें तुरंत एप्पलकेयर या ऑथराइज्ड सर्विस सेंटर से संपर्क करना चाहिए। जांच के बाद, कंपनी के मौजूदा नियमों के हिसाब से फोन को रिपेयर किया जाएगा या फिर रिप्लेसमेंट दिया जाएगा।