एक ब्रिटिश जोड़े ने अंधविश्वास को तोड़ने के लिए 13 तारीख को शुक्रवार के दिन कब्रिस्तान में शादी की। हन्ना और मैथ्यू ने काले रंग के कपड़े पहने और शादी को डरावना बनाने के लिए खास सजावट की।

13 तारीख को शुक्रवार का दिन पश्चिमी देशों में अशुभ माना जाता है। इस दिन लोग कोई भी शुभ काम करने से बचते हैं। लेकिन, इसी अंधविश्वास को तोड़ने के लिए एक ब्रिटिश जोड़े ने इसी दिन शादी करने का फैसला किया। पिछले साल हुई थी इनकी शादी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

हन्ना और मैथ्यू परफिट ने 13 तारीख को शुक्रवार के दिन शादी की। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, दोनों रोन्डा साइनॉन टैफिल के पोंटिप्रिड के रहने वाले हैं। दोनों ने एक कब्रिस्तान के एक कमरे में शादी की। पहले दोनों ने हैलोवीन के दिन शादी करने का प्लान बनाया था। लेकिन, उस दिन भारी बारिश होने के कारण शादी टालनी पड़ी। इसके बाद, दोनों ने 13 तारीख को शादी करने का फैसला किया। 

हन्ना ने अपनी शादी के दिन काले रंग का गाउन पहना था। मैथ्यू ने भी काला सूट पहना था। आमतौर पर शादी के लिए काले रंग के कपड़े पहनना अशुभ माना जाता है। शादी में मोमबत्तियां जलाई गई थीं। साथ ही खास तरह के पर्दे और सजावट करके शादी को डरावना बनाने की कोशिश की गई थी। 

ब्रिस्टल का अर्नोस वेले विक्टोरियन कब्रिस्तान शादियों के लिए लाइसेंस प्राप्त जगह है। यहीं पर दोनों की शादी हुई। हन्ना ने बताया कि उनकी शादी असली कब्रों के पास नहीं हुई थी। ऐसा इसलिए क्योंकि यह मृतकों का अपमान होता। साथ ही उन्होंने फेसबुक पर एक पोस्ट शेयर करके बताया कि उनकी शादी को तीन महीने हो चुके हैं और 13 तारीख को शुक्रवार के दिन शादी करने से उन्हें कोई नुकसान नहीं हुआ।