Diwali 2022: दीपावली पूजा में देवी लक्ष्मी को अनेक चीजें चढ़ाई जाती हैं। इन सभी का अलग-अलग महत्व रहता है। मान्यता है कि ये चीजें चढ़ाने से घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है और देवी लक्ष्मी की कृपा भी हमारे ऊपर बनी रहती है। 

उज्जैन. कार्तिक अमावस्या पर दीपावली (Diwali 2022) का पर्व मनाया जाता है। इस बार ये तिथि 24 अक्टूबर, सोमवार को है। दीपावली पूजा के दौरान देवी लक्ष्मी को अनेक चीजें चढ़ाई जाती हैं। ये चीजें दिखने में भले ही सामान्य लगें, लेकिन ये सभी देवी लक्ष्मी को प्रिय रहती हैं। इनमें से कुछ चीजों में धन को आकर्षित करने का गुण होता है। आगे जानिए दीपावली पर देवी लक्ष्मी को क्या-क्या चीजें विशेष रूप से चढ़ानी चाहिए…

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

देवी की पूजा में जरूर रखें गन्ना
देवी लक्ष्मी की पूजा में गन्ना विशेष रूप से रखा जाता है। ये शुक्र ग्रह से संबंधित है और देवी लक्ष्मी को अति प्रिय है। गन्ना हाथियों का आहार भी है। महालक्ष्मी का एक रूप गजलक्ष्मी भी है और इस रूप में वे ऐरावत हाथी पर सवार दिखाई देती हैं। इसलिए भी दीपावली पूजा में गन्ना जरूर रखना चाहिए।

ज्वार यानी जवारे का पोखरा
दीपावली पूजा में ज्वार का पोखरा भी रखा जाता है। ये नई फसल का प्रतीक है। इस समय ज्वार की फसल आती है, उसी के प्रतीक रूप में देवी लक्ष्मी को ज्वार का पोखरा चढ़ाया जाता है। मान्यता है कि ऐसा करने से मां अन्नपूर्णा की कृपा भी हम पर बनी रहती है।

पीली कौड़ी भी है खास
कौड़ी समुद्र से निकलने वाली एक चीज होती है, जिसमें धन को अपनी ओर आकर्षित करने का प्राकृतिक गुण होता है। इसे भी देवी लक्ष्मी को अर्पित किया है और बाद में इसे अपने धन स्थान जैसे तिजोरी या गल्ले में रखा जाता है। ऐसा करने से बिजनेस में तरक्की बनी रहती है।

पान भी जरूर चढ़ाएं देवी को
किसी भी देवी-देवता की पूजा में पान आवश्यक रूप से चढ़ाया जाता है। इसे मुख शुद्धि के लिए रूप में अर्पित किया जाता है। हिंदू धर्म में पान को एक बहुत ही पवित्र वस्तु माना गया है। देवी लक्ष्मी को चढ़ाने जाने वाले पान में चूने और तंबाकू का उपयोग न करें। पान में लौंग और इलाइची जरूर होना चाहिए।

शुक्र का अन्न है धान का लावा 
धान का लावा लक्ष्मी पूजा में विशेष रूप से चढ़ाया जाता है। ये भी फसल का ही एक रूप माना जाता है। इस समय धान का लावा बाजार में बहुतायत में मिलता है। इसे देवी लक्ष्मी की पूजा में विशेष रूप से चढ़ाया जाता है। ये शुक्र का अनाज होता है। मान्यता है कि धान का लावा चढ़ाने से देवी अति प्रसन्न होती हैं।

कमल गट्टे से होता है धन लाभ
कमल गट्टा कमल के फूल से निकलता है जो काले रंग का होता है। देवी लक्ष्मी के मंत्र जाप में इसका उपयोग विशेष रूप से किया जाता है। धन प्राप्ति के लिए कमल गट्टे से हवन भी किया जाता है। दीपावली पूजा में देवी लक्ष्मी को कमल गट्टे चढ़ाने से धन लाभ के योग बन सकते हैं।

साबूत हल्दी से घर में बनी रहती है सुख-समृद्धि
देवी लक्ष्मी को साबूत हल्दी भी जरूर चढ़ानी चाहिए। हल्दी हो हिंदू धर्म में बहुत ही पवित्र माना गया है। ये गुरु ग्रह से संबंधित है। हर शुभ काम में हल्दी का उपयोग भी जरूर किया जाता है। देवी लक्ष्मी को हल्दी चढ़ाने से गुरु ग्रह से संबधित शुभ फल प्राप्त होते हैं।

श्रीगणेश को चढ़ाएं दूर्वा
दीपावली पूजा में देवी लक्ष्मी के साथ भगवान श्रीगणेश की पूजा भी की जाती है। भगवान श्रीगणेश को दूर्वा विशेष रूप से चढ़ाई जाती है। इसलिए दीपावली पूजा में दूर्वा का होना ही बहुत जरूरी है।


ये भी पढ़ें-

Diwali Puja Vidhi 2022: दीपावली पर इस विधि से करें लक्ष्मी पूजा और आरती, जानें घर, दुकान, ऑफिस के पूजा मुहूर्त

Diwali 2022 Upay: दीपावली पर करें इन 5 में से कोई 1 उपाय, दूर हो सकती है पैसों की तंगी

Diwali Puja 2022: जानिए लक्ष्मी पूजा में कितने दीपक जलाना चाहिए और क्यों?