नोएडा में महिला से बदसलूकी करने वाला भाजपा का गालीबाज नेता श्रीकांत त्यागी पुलिस की गिरफ्त से अभी भी फरार चल रहा है। श्रीकांत की आखिरी लोकेशन उत्तराखंड में ट्रेस की गई है। हालांकि, उत्तराखंड पुलिस अभी इस बाबत कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे रही है। 

नोएडाः स्थानीय ग्रैंड ओमैक्स सिटी में महिला से बदसलूकी करने वाला, भाजपा के शीर्षस्थ नेताओं का करीबी श्रीकांत त्यागी अभी भी फरार चल रहा है। जब पुलिस त्यागी को नहीं पकड़ पाई तो उसकी पत्नी को आज सुबह 6 बजे फ्लैट से हिरासत में ले लिया। आपको बता दें कि, इससे पहले भी बीते शुक्रवार को पुलिस ने उसे 24 घंटे हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

असलियत यह है कि, श्रीकांत त्यागी पुलिस से दो हाथ आगे चल रहा है। पुलिस जिन-जिन चीजों से उसे पकड़ सकती है, त्यागी उन सभी चीजों से दूर हो गया है। पुलिस उसकी लोकेशन न निकाल ले, इसलिए उसने रविवार के बाद से अपना फोन ही ऑन नहीं किया। ऑनलाइन ट्रांजैक्शन भी अभी तक श्रीकांत त्यागी ने नहीं किया है। 

अब, जब पुलिस को लगा कि वह इस तरह उसे नहीं पकड़ सकती तो पुलिस ने उसकी कॉल डिटेल के अनुसार, उन लोगो को अपने रडार पर लेना शुरू कर दिया है, जिनसे त्यागी ने घटना के बाद बात की है। गौर करने वाली बात यह है कि श्रीकांत त्यागी की आखिरी लोकेशन ऋषिकेश में दिखी है। इसके बाद से उसकी कोई भी जानकारी पुलिस को नहीं मिल पाई हैं 

नोएडा पुलिस ने श्रीकांत त्यागी पर गैंग्स्टर के तहत 25 हजार का ईनाम भी घोषित कर रखा है। नोएडा पुलिस की 8 टीमें 3 राज्यों में उसकी तलाश भी कर रही है। प्रशासन ने सोमवार को उसके घर पर अवैध निर्माण को तोड़ भी दिया है। इतना ही नहीं, जीएसटी की टीम ने भंगेल में उसकी दुकानों पर छापेमारी भी की। लेकिन, इतना सब होने के बावजूद श्रीकांत त्यागी को पुलिस अभी तक नहीं पकड़ पाई है।