आगरा जनपद में व्यापारी और उसकी पत्नी की हत्या का मामला सामने आया है। घटना के बाद व्यापारियों में भी आक्रोश देखने को मिला। आसपास के बाजारों को व्यापारियों ने बंद कर दिया है। 

आगरा: जनपद के पिनाहट कस्बे में दोहरे हत्याकांड के बाद सनसनी फैल गई है। यहां मोहल्ला मार में 70 वर्षीय गल्ला व्यापारी सुरेश चंद्र गुप्ता और उनकी 65 वर्षीय पत्नी कृष्णा की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आसपास के लोगों को उस दौरान शक हुआ जब व्यापारी रविवार को घर से बाहर ही नहीं निकले। लोगों ने जब घर के अंदर जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए। अंदर गल्ला व्यापारी और उसकी पत्नी का शव फर्श पर पड़ा हुआ था। मामले की सूचना आसपास के लोगों को जैसे ही लगी तो वहां पर भारी संख्या में भीड़ एकत्र हो गई। घटना की जानकारी लगते ही एसपी पूर्वी सोमेंद्र मीणा भी मौके पर पहुंचे। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

लूटपाट की भी जताई जा रही आशंका 
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इस बीच दोनों ही पति-पत्नी के गले पर निशान भी मिले हैं। घर का सामान बिखरा देख हत्या कर लूटपाट की भी आशंका जताई जा रही है। आपको बता दें कि सुरेंश चंद्र गुप्ता का पिनाहट में गल्ले की आढ़त और तेल मिल है। शनिवार को ही वह बेटे के साथ आगरा आए थे और शाम को तकरीबन 4.30 बजे वापस आए। उन्होंने मिल खोला और फिर शाम को 7.30 बजे मिल को बंद कर वापस चले गए। रविवार को जब वह बाहर नहीं निकले तो पड़ोसियों को शक हुआ। पड़ोसियों ने प्रथम तल पर जाकर देखा तो सुरेश चंद्र गुप्ता का शव बेड पर लहूलुहान हालत में पड़ा था।

आसपास के घरों की खंगाली जा रही सीसीटीवी रिकॉर्डिंग 
मौके पर एसपी पूर्वी सोमेंद्र मीणा भी पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। एसपी पूर्वी की ओर से बताया गया कि घर का सारा सामान बिखरा था। जिसके बाद आशंका है कि हत्या कर लूटपाट को भी अंजाम दिया गया है। इनवर्टर जो घर के ऊपर रहता था वह भी नीचे रखा मिला। मोहल्ले के कई घरों में सीसीटीवी लगे हैं और पुलिस उनकी रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। घटना के बाद व्यापारियों में भी आक्रोश है और उन्होंने बाजार को बंद कर दिया है। 

एक माह में आधा दर्जन से अधिक हत्याओं से थर्राया अयोध्या, बेलगाम अपराध से कटघरे में पुलिस