समाजवादी पार्टी के विधायक 14 सितंबर से 18 सितंबर तक विधानसभा के बाहर धरना देंगे। मॉनसून सत्र से पहले विधायक रोजाना यहां 2 घंटे तक धरना देंगे। पार्टी के मुख्य सचेतक की ओर से यह जानकारी दी गई है। 

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के विधायक 14 सितंबर से 18 सितंबर तक रोजाना दो घंटे यूपी विधानसभा के सामने धरना देंगे। समाजवादी पार्टी ने महंगाई, लेवाना होटल में लगी आग, कानून व्यवस्था और उत्पीड़न जैसे मामले पर बीजेपी सरकार को घेरने के लिए ये तैयारी की है। दरअसल 19 सितंबर से विधानसभा का मॉनसून सत्र शुरू हो रहा है। इससे पहले ही सपा ने ये रणनीति तैयार की है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

दो घंटे धरना देंगे सपा विधायक
समाजवादी पार्टी के विधायक 18 सितंबर से रोज दिन में 11 बजे से 1 बजे तक विधानसभा के सामने धरना देंगे। इस धरने में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी शामिल होंगे। धरना चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के पास में होगा। सपा विधायकों के इस धरने का ऐलान मुख्य सचेतक डॉ मनोज पाण्डेय के द्वारा किया गया है। उन्होंने बताया कि बुधवार 14 सितंबर से लगातार विधानसभा के बाहर रोजाना दो घंटे का यह धरना होगा। इस दौरान सरकार के खिलाफ तमाम मांगों को उठाया जाएगा। इसी के साथ सरकार की गलत नीतियों का विरोध भी किया जाएगा।

मॉनसून सत्र में हंगामे के आसार
आपको बता दें कि 19 सितंबर से शुरू हो रहे मॉनसून सत्र में हंगामे के पूरे आसार हैं। भले ही यह सत्र छोटा है लेकिन इसमें भाजपा और विपक्ष के बीच तल्खी का असर सदन में जरूर देखने को मिलेगा। इस सत्र के पहले दिन दिवंगत विधायक अरविंद गिरी को श्रद्धांजलि देने के लिए शोक व्यक्त किया जाएगा। इसके बाद 20 सितंबर, 21 सितंबर, 22 सितंबर और 23 सितंबर को विधायी कार्य होंगे। विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप दुबे ने सभी विधायकों को सदन का अन्तिम रूप से मंजूर करने का कार्यक्रम भेज दिया है। पार्टी ने इस बीच आधिकारिक ट्विटर हैंडल जानकारी दी कि भाजपा की सरकार की गलत नीतियों से महंगाई चरम पर पहुंच गई है। लगातार खाने-पीने की वस्तुओं के दाम भी बढ़ रहे हैं। फिलहाल सपा के विधानसभा के बाहर धरने के ऐलान के बाद सियासत गरमाई हुई है। वहीं इस बीच पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह से मुस्तैद है। 

चाचा शिवपाल पर मेहरबान हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, विधानसभा अध्यक्ष से पत्र लिखकर की ये मांग