रामपुर से आजम खां के बेटे अब्दुल्ला आजम को नामांकन रद्द होने का डर सता रहा है। यही कारण है कि उनकी मां तंजीन फातिमा ने भी उसी सीट से नामांकन दाखिल करने का मन बनाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार तंजीन फातिमा स्वार सीट से ही निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल कर रही हैं। आपको बता दें कि जब भी परिवार पर समस्या आई है तो वह ढाल बनकर खड़ी दिखाई पड़ी हैं।  

रामपुर: यूपी विधानसभा चुनाव (UP Chunav 2022) में आजम खां के बेटे अब्दुल्ला आजम को नामांकन निरस्त होने का डर सता रहा है। अब्दुल्ला ने रामपुर की स्वार टांडा सीट से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर नामांकन किया है। पिछले चुनाव में वर्ष 2017 में अब्दुल्ला इसी सीट से चुनाव लड़े थे, वह जीत भी गए थे लेकिन कम उम्र और फर्जी आधार व पैन कार्ड मामले में उनकी विधायकी रद्द कर दी गयी थी। लेकिन इस बार अब्दुल्ला के साथ आजम की पत्नी तंजीन फातिमा का नामांकन भी स्वार सीट से कराया गया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

गौरतलब है कि तंजीन फातिमा अपने पति आजम खान और बेटे अब्दुल्ला के पीछे ताकत बनकर खड़ी रही हैं। इस बार भी उन्होंने बेटे की ताकत बढ़ाने के लिए ही चुनावी मैदान में उतरकर पर्चा दाखिल किया है। वह खुद रामपुर नगर सीट से वर्तमान में विधायक हैं। 

जेल में भी रही थी तंजीन फातिमा 
आजम की पत्नी का नाम भी बेटे अब्दुल्ला के फर्जी प्रमाण पत्र बनवाने में सामने आया था। जिसके बाद उनपर भी 34 केस दर्ज किए गए। इन मामलों में उन्हें भी 26 फरवरी 2020 को सीतापुर जेल भेज दिया गया था। वह 298 दिन तक जेल में रही और जमानत मिलने के बाद दिसंबर 2020 में सीतापुर जेल से उनकी रिहाई हुई। 

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से की है पढ़ाई 
तंजीन फातिमा ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से पढ़ाई की है। उन्होंने मुस्लिम विश्विद्यालय से एमए, एमफिल और पीएचडी तक की पढ़ाई की है। इसके बाद उन्होंने राजनीतिक विज्ञान विभाग से ऐसोसिएट प्रोफेसर के रूप में भी काम किया है। 1981 में उनकी शादी आजम से हुई थी। उनके दो बेटे अब्दुल्ला औऱ आबिद हैं।