बसपा सुप्रीमो मायावती ने भाजपा सरकार के विकास के दावे को दिखावा बताया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी धर्म के नाम पर नफरत फैलाने का काम कर रही है। अपराध के आंकड़े बढ़े हैं लेकिन उन्हें दिखाने के बजाए छिपाया जा रहा है। 

गाजियाबाद: यूपी के गाजियाबाद के कविनगर रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए मायावती ने सपा, भाजपा और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने भाजपा को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि विकास नहीं हुआ सिर्फ घोषणाएं और शिलान्यास ही हुआ है। सपा के राज में गुंडे और माफिया राज कर रहे थे। इन दोनों ही शासनकाल में जनता दुखी हुई है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

दंगों का किया जिक्र 
पूर्ववर्ती सपा सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए मायावती ने कहा कि उस दौरान दंगों और अपराध का बोलबाला था। जिससे जनता त्रस्त दिख रही थी। समाजवादी पार्टी के सत्ता में होने पर दलित और पिछड़ों के साथ सौतेला व्यवहार होने के साथ संतों और महापुरुषों का अपमान हुआ।लखनऊ में भीमराव अम्बेडकर पार्की का नाम बदल दिया गया। अखिलेश सरकार में कमजोर वर्ग की जमीन को हथियाने का काम किया गया। सपा की नीतियां दलित विरोधी रही हैं। 

धर्म के नाम पर नफरत फैला रही भाजपा 
भाजपा पर हमलावर होते हुए विकास के दावे को दिखावा बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल धर्म के नाम पर नफरत फैलाने का काम कर रही है। भाजपा राज में बढ़ रेह अपराध के आंकड़ों को छिपाया गया। महिलाएं और दलित इस राज में सुरक्षित नहीं है। मीडिया आकंड़े दिखाने की जगह आंकड़े छुपाने का काम कर रही है।