कानपुर से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आया है। यहां गाय के मुंह में बम फटने से हड़कंप मच गया। गाय के जबड़े का अधिकांश हिस्सा फट गया है और उसका ऑपरेशन किया जाएगा। 

कानपुर: काकादेव के एम ब्लाक में नशेबाजों ने शुक्रवार को गाय के मुंह में बम लगाकर फोड़ दिया। बम फटने की वजह से गाय का जबड़ा फट गया। क्षेत्रीय लोगों ने यह जानकारी नगर निगम की टीम को दी। जिसके बाद गाय को इलाज के लिए ले जाया गया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

कूड़े के ढेर के पास चरते समय विस्फोट से घायल हुई गाय
नगर निगम की कैटल कैचिंग की टीम गाय को रायपुरवा स्थित पशु चिकित्सालय में इलाज के लिए लेकर पहुंची। नगर निगम के मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आर के निरंजन के द्वारा बताया गया कि गाय का इलाज चल रहा है। पुलिस आयुक्त बीपी जोगदण्ड ने बताया कि कूड़े के ढरे के पास गाय के चरते समय विस्फोट होने से घायल हो गई। विस्फोट किस चीज में हुआ इसकी जांच करवाई जा रही है। इस बीच सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल घायल गाय का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने गाय के मुंह में बम लगाकर फोड़े जाने से इंकार किया है। 

गाय के जबड़े का अधिकांश हिस्सा विस्फोट के बाद उड़ा
गाय के जबड़े में बम फटने के बाद वह लथपथ हो गई। इस बीच लोगों ने गाय की फोटो इंटरनेट मीडिया पर जमकर प्रसारित की। प्रसारित तस्वीरों को देख लोग मानवता को शर्मसार करने जैसी तमाम बातें लिख रहे हैं. इस बीच दोषी पर कड़ी कार्रवाई की मांग भी की जा रही है। गाय के जबड़े में आई इस चोट के बाद तमाम संगठनों के द्वारा भी नाराजगी जाहिर की जा रही है और दोषियों पर कार्रवाई की मांग हो रही है। वहीं एसपीसीए के इंचार्ज डॉ. राजेंद्र ने जानकारी दी कि गाय को अत्यंत जख्मी हालत में अस्पताल लाया गया था। उसके बाद उसे फौरन एंटी बायोटिक के साथ एनेल्जेसिक दिया गया। इसके अलावा डेक्सामेथासन इंजेक्शन भी लगाया गया। अस्थाई तौर पर प्लास्टर भी चढ़ा दिया गया है। अब गाय के जबड़े का ऑपरेशन किया जाएगा। जबड़े का अधिकांश हिस्सा विस्फोट के बाद उड़ चुका है।