खुले में शौच एक नवजात बच्चे के मौत का कारण बन गया है। एक गर्भवती महिला जंगल में शौच के लिए गई थी। वहां गर्भवती महिला को अचानक तेज लेबर पेन होने लगा। दर्द इतना बढ़ गया कि महिला का वहीं प्रसव हो गया और वो बेहोश हो गई। 

आगरा(Uttar Pradesh). यूपी के आगरा में दिल को दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां खुले में शौच एक नवजात बच्चे के मौत का कारण बन गया है। यहां एक गांव की रहने वाली गर्भवती महिला जंगल में शौच के लिए गई थी। वहां गर्भवती महिला को अचानक तेज लेबर पेन होने लगा। दर्द इतना बढ़ गया कि महिला का वहीं प्रसव हो गया और वो बेहोश हो गई। खुले में महिला के जन्मे नवजात बच्चे को चंबल के बीहड़ में मौजूद जंगली जानवरों ने अपना शिकार बना लिया। बच्चे को जानवर खींच ले गए और अपना निवाला बना दिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीण जांच और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मामला आगरा जनपद के पिनाहट थाना क्षेत्र के जोधा पुरा गांव का है। यहां खुले में शौच गई एक गर्भवती महिला को अचानक तेज लेबर पेन होने लगा। दर्द इतना बढ़ गया कि महिला का वहीं प्रसव हो गया और वो बेहोश हो गई। महिला जब काफी देर तक घर नहीं पहुंची तो परिजनों को चिंता हुई। महिला का भाई ढूंढते हुए जंगल किनारे पहुंचे तो देखा महिला का प्रसव हो चुका था और बच्चा गायब था। बेहोशी की हालत में परिजन महिला को घर लेकर वापस आए। वहीं, परिजनों का आरोप है कि ग्राम पंचायत चचिहा ओडीएफ घोषित हो गया है। मगर आज तक उनके यहां शौचालय नहीं बनाया गया. कई बार ग्राम प्रधान से कहा गया मगर शौचालय नहीं बनाया गया।

ग्राम प्रधान पर शौचालय के धन को हड़पने का आरोप 
ग्रामीणों का कहना है कि उनका गांव ओडीएफ घोषित हो चुका है लेकिन इसके बाद भी गांव में शौचालय नहीं बनाया गया। ग्रामीणों की मानें तो ग्राम पंचायत में अधिकतर ग्रामीणों के शौचालय का निर्माण अभी तक नहीं हुआ है। आखिर बिना जांच के ग्राम पंचायत को कैसे ओडीएफ घोषित कर दिया गया, ये एक बड़ा सवाल है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रधान द्वारा अपने चहतों के घर ही शौचालय निर्माण करा दिया गया है। ग्रामीण अब प्रधान के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।