यूपी के उन्नाव में रेप पीड़िता को जिंदा जला दिया गया। मामले में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, कांग्रेस और सपा ने मामले को लेकर योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने योगी सरकार पर ​हमला बोलते हुए कहा, यूपी में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है।

लखनऊ (Uttar Pradesh). यूपी के उन्नाव में रेप पीड़िता को जिंदा जला दिया गया। मामले में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, कांग्रेस और सपा ने मामले को लेकर योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने योगी सरकार पर ​हमला बोलते हुए कहा, यूपी में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। देश के गृहमंत्री और यूपी के सीएम योगी ने साफ-साफ झूठ बोला कि यूपी की कानून व्यवस्था अच्छी हो गई है। हर रोज ऐसी घटनाओं को देखकर मन में रोष होता है। भाजपा नेताओं को भी अब फर्जी प्रचार से बाहर निकलना चाहिए। 

वहीं, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा, उन्नाव की घटना योगी सरकार के लिए कलंक है। प्रदेश अपराधियों के लिए चरागाह बन गया है। शाहजहांपुर, मैनपुरी मामले में प्रियंका गांधी के ट्वीट पर कार्रवाई हुई। कांग्रेस पार्टी महिलाओं की सुरक्षा को लेकर संघर्ष करेगी। 14 दिसंबर को दिल्ली में कांग्रेस भारत बचाओ रैली करेगी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

सपा उठाएगी उन्नाव पीड़िता के इलाज का खर्च
समाजवादी पार्टी के एमएलसी सुनील साजन ने कहा- यूपी में अपराधियों की सरकार है। अगर सरकार बहन बेटियों की सुरक्षा नहीं कर पा रही तो सीएम को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्नाव की यह पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी प्रदेश में कई घटना हो चुकी है। एक बेटी के साथ पहले दुष्कर्म किया गया, उसके बाद उसे जिंदा जला दिया गया। सपा पीड़ित लड़की के इलाज का पूरा खर्च उठाएगी। जिन लोगों ने उसे जलाया, उनकी गाड़ियों में बीजेपी का झंडा लगा था और योगी जी की फोटो लगी थी। रावण राज में भी बहन बेटियों की सुनी जाती थी, लेकिन योगी सरकार में बहन बेटियों की नहीं सुनी जा रही। 

क्या है उन्नाव का पूरा मामला
मामला उन्नाव के बिहार थाना क्षेत्र के हिंदूनगर का है। कुछ दिन पहले यहां युवती के साथ रेप की घटना को अंजाम दिया गया था। मामले में दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भी भेजा। हाल ही में वे जमानत पर जेल से बाह आए थे। मामले में गुरुवार को युवती मामले की पैरवी के लिए रायबरेली जा रही थी। रास्ते में सुबह करीब चार बजे दोनों नामजद आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसपर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा दी। एडीजी जोन एसएन साबत ने बताया, मुख्य आरोपी सहित पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्लास्टिक सर्जन सहित बेस्ट डॉक्टरों की टीम पीड़िता का इलाज कर रही है। अस्पताल में सुरक्षा के लिहाज से पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।