कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को लखनऊ में प्रेस कांफ्रेंस करते हुए पुलिस प्रशासन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, बीते दिनों प्रदेश में नागरिकता कानून को लेकर हुईं हिंसा में पुलिस ने मासूम लोगों को पीटा। सीएम योगी कहते हैं बदला लिया जाएगा।

लखनऊ (Uttar Pradesh). यूपी दौरे के आखिरी दिन सोमवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रेस कांफ्रेंस कर योगी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, बीते दिनों प्रदेश में नागरिकता कानून और एनआरसी को लेकर हुईं हिंसा में पुलिस ने मासूम लोगों को पीटा। सीएम योगी कहते हैं बदला लिया जाएगा। उनके इसी बयान पर यूपी पुलिस काम कर रही है। हिंदुस्तान की हवा में बदले और हिंसा की कोई भावना नहीं। भगवान श्रीकृष्ण ने कभी बदले की बात नहीं की। सीएम योगी भगवा वस्त्र पहनते हैं, मैं बता दूं ये आपका वस्त्र नहीं है। भगवा तो हिंदुस्तान की धार्मिक आस्था का प्रतीक है, उस धर्म का पालन करना सीखिए। साथ ही उन्होंने कहा, जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार है, वहां एनआरसी लागू नहीं होगी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

दारापुरी के घर जाकर देखों वो कितने साधारण इंसान
साथ ही उन्होंने कहा, प्रदेश में हुई हिंसा के बाद करीब 5500 लोग हिरासत में लिए गए, 1100 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। कई ऐसे हैं जिन्हें गुमनाम तरीके से जेल में डाल दिया गया। लखनऊ में 77 साल के रिटायर्ड ऑफिसर एस.आर. दारापुरी को घर से गिरफ्तार किया गया, जो अंबेडकरवादी हैं। उन्होंने प्रदर्शन को लेकर एक फेसबुक पोस्ट डाली थी, प्रदर्शन कर रहे लोगों से शांति की अपील की थी। लेकिन पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। मैं उनके घर गई थी। वहां जाते ही किसी को भी पता चल जाएगा कि दारापुरी कितने साधरण इंसान है। उनके घर में हर जगह किताबें नजर आती है।

सड़क पर खड़े होकर वीडिया बना रही थीं सदफ
प्रियंका ने कहा, लखनऊ में हिंसा के दौरान कांग्रेस प्रवक्ता सदफ जफर को गिरफ्तार किया। वो तो सड़क पर खड़े होकर सिर्फ वीडियो बना रही थीं। मैं उनके घर गई थी। 10 साल का बेटा, 16 साल की बेटी आज अकेली रह रहे हैं। वहीं, बिजनौर में दो मासूम युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। एक युवक सुलेमान यूपीएससी की तैयारी कर रहा था।

प्रियंका गांधी ने रखी ये 4 मांग 

- पुलिस अपने रवैये को सुधारे।
- मौजूदा हाईकोर्ट जज या रिटायर्ड जज की निगरानी में यूपी में हुई हिंसा मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
- जब तक आरोप साबित नहीं हो जाते तब तक लोगों की प्रॉपर्टी को जब्त न किया जाए। बता दें, हिंसा के बाद सीएम योगी ने कहा था कि उपद्रवियों की संपत्ति जब्त कर नुकसान की भरपाई की जाएगी। 
- शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ केस दर्ज न किया जाए।