प्रगतिशील समाज पार्टी के मुखिया व सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के भाई शिवपाल यादव एक बार फिर चुनावी मैदान में हैं। शिवपाल ने इस बार भी इटावा की जसवंतनगर सीट से नामांकन भरा है। इस सीट से वह लगातार 5 बार चुनाव जीत चुके हैं। 

लखनऊ: सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) के भाई शिवपाल यादव (Shivpal Yadav) लगातार 6वीं बार इटावा की जसवंतनगर सीट (Jaswantnagar Seat) से चुनावी मैदान में हैं। शिवपाल 1996 से यह लगातार चुनाव जीतते आ रहे हैं। एक बार फिर 2022 विधानसभा चुनाव के लिए उन्होंने जसवंतनगर सीट से ही नामांकन किया है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

नामांकन दाखिल करने के दौरान दी गयी जानकारी के मुताबिक शिवपाल यादव की सालाना आय 27.35 लाख रुपए हैं। इसका मतलब शिवपाल रोजाना 7479 रुपए कमाते हैं। वहीं उनकी कुल संपत्ति की बात की जाए तो वह 11.77 करोड़ की है। अयोग को दिए हलफनामे के मुताबिक शिवपाल से ज्यादा आय संपत्ति की मालकिन उनकी पत्नी सरला यादव हैं। शिवपाल की पत्नी की सालाना आय 45 लाख रुपए हैं। सरला के पास 2.64 करोड़ की चल और 4.55 करोड़ की अचल संपत्ति है। 

2017 के मुकाबले बढ़ी आय, 2019 के मुकाबले हुई कम 
शुक्रवार 28 जनवरी को शिवपाल की ओर से दाखिल किए गए हलफनामे के अनुसार उनकी आय 2017 के मुकाबले बढ़ी हैं। हालांकि इस आय में 2019 के मुकाबले घटोत्तरी भी हुई है। 2017 में शिवपाल की आय 21.69 लाख रुपए थी। यह आय 2019 में बढ़कर 27.49 लाख रुपए हो गई। 2022 में यह आय घटकर 27.35लाख ही रह गयी है। शिवपाल के साथ ही उनकी पत्नी की आय में भी गिरावट आई है। 2019 में शिवपाल की पत्नी की सालाना आय 47.28 लाख थी जो अब घटकर 45 लाख ही रह गई है। 

15 सालों में 3 गुना बढ़ी संपत्ति
शिवपाल, उनकी पत्नी और परिवार के पास मौजूदा समय में 5.56 करोड़ रुपए की चल संपत्ति है। जबकि परिवार की कुल अचल संपत्ति 6.20 करोड़ की है। अगर बात बीते 15 साल की हो तो उनकी कुल संपत्ति में 3 गुने से भी ज्यादा का इजाफा हुआ है। 2007 में शिवपाल और उनके परिवार की कुल संपत्ति जो 3.38 करोड़ की थी वह अब बढ़कर 11.77 करोड़ हो गई है। 

शिवपाल और उनकी पत्नी के आय के स्त्रोत 
शिवपाल यादव ने अपनी आय के स्त्रोत रिम्युनरेशन, भवन किराया, कृषि आय और ब्याज आय बताया है. जबकि उनकी पत्नी के आय के स्त्रोत भी रिम्युनरेशन, दो कंपनियां और पेट्रोल पंप है।