यूपी के सहारनपुर में एक युवक ने सोते समय अपनी पत्नी और सास पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस घटना में आरोपी की सास की मौत हो गई और उसकी पत्नी गंभीर रूप से जल गई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। 

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक ने सोते समय अपनी पत्नी और सास पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। इस हादसे में 42 वर्षीय सास पायल की मौत हो गई। वहीं युवक की 20 वर्षीय रितिका बुरी तरह से जल गई है। बताया जा रहा है कि दोनों ने 6 महीने पहले भाग कर शादी की थी। किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया था। जिसके बाद रितिका अपने मायके वापस आ गई थी। आरोपी पति रितिका को ले जाने के लिए शामली से सहारनपुर आया था। वहीं रोज-रोज की लड़ाई से तंग आकर नाराज रितिका ने पति के साथ ससुराल जाने से इंकार कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर नितिन ने पत्नी और सास को जिंदा जलाने की कोशिश की।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पत्नी ने पति पर लगाए गंभीर आरोप
बता दें कि यह घटना कृष्णा धाम कॉलोनी की है। रितिका ने बताया कि शादी के बाद कोई संतान नहीं थी। उसने पति नितिन पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसका किसी अन्य महिला के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। जिस कारण वह नाराज होकर अपने मायके आ गई थी। रितिका ने बताया कि उसका पति उस पर ससुराल चलने का दबाव बना रहा था। वहीं बीते 28 अक्टूबर को नितिन अपनी मां बिंदर और देवर आकाश के साथ ससुराल पहुंचा था। दोनों पक्षों में आमने-सामने बातचीत होने के बाद सहमति भी बन गई थी। लेकिन रितिका की मां पायल की तबिय़त खराब होने के कारण वह 3 नवंबर को ससुराल जाने की बात बोल रही थी। जिसपर ससुराल वाले अपनी सहमति नहीं जता रहे थे। 

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
रितिका के अनुसार, शुक्रवार की रात उसकी सास बिंदर ने धमकी देते हुए कहा था कि इन दोनों को निपटा दो। बाकि जो होगा मै देख लूंगी। पत्नी ने आरोप लगाते हुए कहा कि शनिवार की सुबह साढ़े चार बजे के आसपास जब वह और उसकी मां सो रही थी तो आरोपी पति ने अपनी कार से पेट्रोल निकालकर उनपर डाल दिया और आग लगा दी। वहीं आसपास के लोगों ने बताया कि मृतक पायल 7 माह की गर्भवती थी। रितिका के पिता किसी मामले में हरियाणा जेल में बंद थे। 3 नवंबर को उसके पिता को जेल से छुटना था। जिस कारण रितिका 3 नवंबर या उसके बाद ससुराल वापस जाने की बात बोल रही थी। वहीं थाना जनकपुरी इंस्पेक्टर अवनीश गौतम ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के दौरान पति नितिन भी झुलसा है। उन्होंने बताया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पूर्व MLC हाजी इकबाल का चौथा बेटा वाजिद हुआ गिरफ्तार, खनन माफिया के मुंशी ने दर्ज कराया था धोखाधड़ी का मुकदमा