समाजवादी पार्टी की सहयोगी सुभासपा ने सोमवार को उम्मीदवारों की नई सूची जारी की। इस दौरान 5 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया गया। इसमें ओम प्रकाश राजभर का भी नाम शामिल है। वह गाजीपुर की जहूराबाद विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। 

वाराणसी: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने सोमवार को वाराणसी से नई सूची जारी की। 5 उम्मीदवारों की जारी की गई इस नई सूची के अनुसार वाराणसी के शिवपुर सीट से ओमप्रकाश राजभर अरविंद राजभर प्रत्याशी होंगी। जबकि गाजीपुर की जहुराबाद सीट से राजभर खुद चुनाव लड़ेंगे। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

ओम प्रकाश राजभर की ओर से उन तमाम अटकलों पर विराम लगाया गया जिसमें कहा गया था कि सुभासपा अध्यक्ष शिवपुर सीट से चुनाव लड़ेंगे। आपको बता दें कि फिलहाल शिवपुर विधानसभा सीट से ही प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर विधायक हैं। 

सुभासपा के खाते में वाराणसी की दो सीटें
सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने आशापुर लोहिया नगर कॉलोनी स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित किया। यहां उन्होंने 5 सीटों पर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की। 

कहां से कौन चुनावी मैदान में

जहूराबाद गाजीपुर से ओम प्रकाश राजभर चुनावी मैदान में उतरेंगे। इसके अलावा प्रदेश अध्यक्ष सुनील अर्कवंशी हरदोई की संडीला विधानसभा से चुनाव लड़ेंगे। जबकि राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव अरविंद राजभर शिवपुर से चुनावी मैदान में उतरेंगे। जबकि सीतापुर की मिश्रिक सीट से मनोज राजवंशी और बहराइच जिले की बलहा सीट से ललिता पासवान को उम्मीदवार बनाया गया है। सुभासपा इन पांचों ही सीटों पर अपने सिंबल पर चुनाव लड़ेगी। 

गौरतलब है कि ओम प्रकाश राजभर 2017 के विधानसभा चुनाव में गाजीपुर जिले की जहूराबाद विधानसभा से ही विधायक चुने गए थे। भाजपा सरकार में वह कैबिनेट मंत्री बने थे। लेकिन बाद में उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। लगातार दूसरी बार वह जहूराबाद से चुनावी ताल ठोकने के लिए चुनावी मैदान में हैं।