आजकल बहुत से लोग फोन चार्जिंग पर लगा कर सो जाते हैं। कुछ तो उस दौरान गाने वगैरह भी सुनते हैं। इसके कई खतरनाक परिणाम सामने आ रहे हैं।

कजाखस्तान। आजकल बहुत से लोग मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने में बड़ी लापरवाही बरतते हैं। कई लोग तो फोन को चार्जिंग पर लगा कर भी उसका यूज करते रहते हैं। इसके कई खतरनाक परिणाम सामने आ रहे हैं। चार्जिंग पर लगे फोन का इस्तेमाल करने के दौरान कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिसमें जान तक चली गई है। अभी हाल ही में कजाखस्तान में एक लड़की के साथ ऐसी ही एक बड़ी दुर्घटना हुई जिसमें उसकी मौत हो गई। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

कैसे हुई दुर्घटना
कजाखस्तान के बास्तोब गांव की रहने वाली 14 साल की लड़की अलुआ असित्स्की अबजेलबेक रात में अपने फोन को चार्जिंग पर लगा कर गाने सुन रही थी। गाना सुनते-सुनते ही वह गहरी नींद में सो गई। दूसरे दिन सुबह वह मृत पाई गई। उसके घर के लोगों ने सुबह जब देखा कि उसकी मौत हो चुकी है तो उनके होश उड़ गए। लड़की के कान के चीथड़े उड़ गए थे।

क्या कहा पुलिस ने
इसके बाद जांच के लिए पुलिस आई। पुलिस ने कहा कि फोन चार्जिंग के लिए लगा हुआ था और लड़की सोते हुए ईयरफोन लगा कर गाने सुन रही थी। सुबह के समय बहुत ज्यादा गर्म हो जाने से फोन में विस्फोट हो गया और लड़की के सिर में गंभीर चोटें आईं। उसकी तत्काल मौत हो गई। फोरेंसिक एक्पर्ट्स ने भी जांच के बाद कहा कि ओवरहीटिंग से फोन फट गया। फोन किस कंपनी का था, यह पता नहीं चल पाया है। 

लोगों ने कहा 'ट्रैजिक
लोगों ने इस घटना को बहुत ट्रैजिक बताया। अलुआ बहुत ही अच्छी लड़की थी। सभी उसे बहुत चाहते थे। उससे लापरवाही यही हुई कि उसने फोन को चार्जिंग पर लगा कर छोड़ दिया और गाने सुनते हए उसे गहरी नींद आ गई। अलुआ की बेस्ट फ्रेंड अयाजान दोलाशेवा ने कहा कि मैं इस पर विश्वास नहीं कर पा रही हूं। उसने सोशल मीडिया पर अलुआ के लिए लिखा कि तुम मेरी सबसे अच्छी दोस्त थी। हम बचपन से ही एक साथ रहे थे। मेरे लिए तुम्हारे बगैर रह पाना बहुत मुश्किल है। मैं तुम्हें बहुत मिस करूंगी। वहीं, लोगों ने कहा कि इस घटना से सभी को सचेत हो जाना चाहिए और मोबाइल फोन का यूज करते वक्त सावधानी बरतनी चाहिए।