मुंबई में अनंत अंबानी ने Blinkit डिलीवरी एजेंट सुजीत को नया स्कूटर गिफ्ट किया। तोहफा देखकर युवक भावुक हो गया और उसका वीडियो वायरल हो गया।
मुंबई में रिलायंस चेयरमैन मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी की दरियादिली का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ब्लिंकिट में काम करनेवाला एक डिलीवरी एजेंट महंगाई और बढ़ती खर्चों के कारण अपने काम के लिए बाइक नहीं खरीद पा रहा था। ऐसे में अनंत अंबानी की ओर से उसे ऐसा तोहफा मिला, जिसे देखकर वह अपने आंसू नहीं रोक पाया। अब इस घटना का वीडियो खूब वायरल हो रहा है।
साइकिल से ऑर्डर पहुंचाता था शख्स
- समाजसेवी और इन्फ्लुएंसर हुसैन मंसूरी ने अनंत अंबानी की तरफ से ब्लिंकिट के डिलीवरी एजेंट को एक नया स्कूटर गिफ्ट किया।
- इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए इस दिल छू लेने वाले वीडियो में हुसैन मंसूरी सड़क पर चलते एक वर्कर को रोकते हुए नजर आते हैं।
- सुजीत नाम का यह युवक ब्लिंकिट का ऑर्डर पहुंचाने के लिए अपनी साइकिल से जा रहा था। हुसैन मंसूरी ने पहले उससे उसका नाम पूछा।
- इसके बाद उन्होंने पूछा कि उसने घर-घर डिलीवरी के लिए बाइक क्यों नहीं खरीदी। इस पर सुजीत ने अपनी आर्थिक परेशानी बताते हुए कहा, 'सर, इतने कम पैसे में मैं बाइक कहां ले पाऊंगा, महंगाई बहुत है।'
अनंत अंबानी की तरफ से मिला सरप्राइज, आंखों पर बांधी पट्टी
डिलीवरी एजेंट सुजीत की परेशानी जानने के बाद हुसैन मंसूरी ने उसे पहले अपना ऑर्डर पूरा करके वापस आने के लिए कहा। साथ ही, उन्होंने उसे एक सरप्राइज देने का वादा भी किया। जब सुजीत अपनी डिलीवरी पूरी करके वापस लौटा, तो मंसूरी ने उसकी आंखों पर पट्टी बांध दी। इसके बाद वह उसे एक ऐसी जगह ले गए, जहां लाल रंग के कवर के नीचे एक गिफ्ट छिपाकर रखा गया था।
कवर हटाते ही छलक पड़े सुजीत के आंसू
जब सुजीत ने कवर हटाया तो उस गिफ्ट को देख उसके आंसू छलछला उठे। उस बताया गया कि यह अनंत अंबानी की तरफ से उसके लिए एक छोटा-सा तोहफा है। कवर के नीचे एक नया स्कूटर था। जब सुजीत को पता चला कि यह स्कूटर उसे गिफ्ट में मिला है, तो उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। सुजीत ने हुसैन मंसूरी को गले लगा लिया और फूट-फूटकर रोने लगा। इस दौरान उसने धीरे से 'थैंक यू सर' कहकर अपना आभार जताया।
अनंत सेवा फाउंडेशन की पहल के तहत दिया गया स्कूटर
- रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्लिंकिट डिलीवरी एजेंट को दिया गया यह स्कूटर अनंत सेवा फाउंडेशन की एक पहल का हिस्सा था।
- इस पहल के तहत अनंत अंबानी की ओर से मेहनत करने वाले लोगों की मदद की जा रही है।
- राहुल कनाल और हुसैन मंसूरी के साथ मिलकर यह फाउंडेशन मुंबई में मेहनतकश लोगों को इलेक्ट्रिक बाइक बांट रहा है।
- ये वे लोग हैं, जो हर दिन शहर में काम करते हैं और अपनी मेहनत से लोगों तक जरूरी सामान पहुंचाने में मदद करते हैं।
- सुजीत को स्कूटर देने की इस पहल का उद्देश्य ऐसे मेहनती लोगों की मदद करना है, जिन्हें अपने काम के लिए जरूरी साधन जुटाने में आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ अनंत अंबानी का वीडियो
अनंत अंबानी की ओर से ब्लिंकिट डिलीवरी एजेंट को स्कूटर गिफ्ट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। खबर लिखे जाने तक इस वीडियो को 4.6 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिल चुके थे। वीडियो देखने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स लगातार अपनी सकारात्मक प्रतिक्रियाएं दे रहे थे। लोग सुजीत की खुशी और भावुक प्रतिक्रिया पर अपनी भावनाएं जाहिर करने के साथ ही इस पहल की तारीफ भी कर रहे थे।


