आज जब लोग 70-80 की उम्र तक जी लेना बड़ी बात मानते हैं, वहीं जापान के 112 साल के एक शख्स को दुनिया का सबसे उम्रदराज पुरुष होने का खिताब मिला है।

हटके डेस्क। आज जब लोग 70-80 की उम्र तक जी लेना बड़ी बात मानते हैं, वहीं जापान के 112 साल के एक शख्स को दुनिया का सबसे उम्रदराज पुरुष होने का खिताब मिला है। चित्सटू वानाबे नाम के इस शख्स का जन्म टोक्यो के पास निगाता नाम की जगह में 5 मार्च, 1907 को हुआ था। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के मुताबिक, चित्सटु वानाबे का जन्म एक नर्सिंग होम में हुआ था। वहां से इनकी जन्म तिथि का प्रमाण मिला है। बता दें कि दुनिया की सबसे उम्रदराज महिला भी जापान की हैं, जिनका नाम कन तनाका और उम्र 117 वर्ष है। चित्सटू वानाबे को दुनिया का सबसे उम्रदराज पुरुष होने का ताज पहनाया गया। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

बताया लंबी उम्र का राज
8 बच्चों के पिता चित्सटू वानाबे ने अपनी लंबी उम्र का राज गुस्सा नहीं करना और हर हाल में चेहरे पर मुस्कान बनाए रखना बताते हैं। उनके घर के लोगों का कहना है कि उन्हें कभी गुस्सा करते या तेज आवाज में बोलते नहीं देखा गया। चाहे जैसी भी परिस्थिति हो, वे मुस्कुराते रहते हैं और अपने काम में लगे रहते हैं।

करते थे बागान में काम
चित्सटू वानाबे ने एग्रीकल्चर में ग्रैजुएशन किया और इसके बाद ताइवान चले गए। वहां उन्होंने गन्ने के बागान में काम करना शुरू किया। करीब 18 साल तक पत्नी और बच्चों के साथ ताइवान में रहने के बाद वे वापस लौट आए और द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान सेना में भी काम किया। इसके बाद उन्होंने नीगाता के एक सरकारी दफ्तर में काम किया और वहीं से रिटायर हुए। पहले वे अपने फार्म में सब्जियां और फल उगाते थे, लेकिन इतनी उम्र हो जाने की वजह से वे अब घर पर ही आराम करते हैं। 

जापान के लोग जीते हैं लंबी उम्र
लंबी उम्र तक जीने के जापान में कई रिकॉर्ड बन चुके हैं। इसके पहले भी दुनिया के सबसे उम्रदराज पुरुष के रूप में जापान के ही मसाजो नोनाका का नाम दर्ज किया गया था, जिनकी उम्र 112 साल थी। कुछ ही समय पहले उनकी मृत्यु हुई है। गिनीज बुक ऑप वर्ल्ड रिकॉर्ड के मुताबिक, दुनिया के सबसे ज्यादा उम्र के व्यक्ति फ्रांस के लुईस कैलम थे, जिनकी मृत्यु 1997 में 122 साल की उम्र में हुई।