चीन से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां रहने वाले एक किसान के खेत से लोगों ने 500 टन यानी साढ़े चार लाख किलो मूली उखाड़ ली। इसकी वजह बनी एक अफवाह। 

चीन: दुनिया में कई तरह के पड़ोसी मिलते हैं। कुछ एक-दूसरे की मदद करते हैं तो कुछ फूटी आंख नहीं सुहाते। जब पड़ोसियों में बदले की भावना आ जाती है तो इंसान को नुकसान तो उठाना ही पड़ता है। ऐसा कुछ नुकसान उठाना पड़ा चीन के हुबेई प्रान्त में रहने वाले एक किसान के साथ। एक अफवाह के कारण लोगों ने उसके खेत में उगे 500 टन मूली उखाड़ लिए। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मुफ्त में मूली ले जाओ ऑफर 
मामले की जानकारी देते हुए किसान सू जिओगे ने बताया कि उनके पड़ोसी ने उनसे बातचीत के दौरान कहा कि उनके खेत में उगने वाली मूली सूप का स्वाद बढ़ा देती है। ऐसे में क्या वो उनके खेत से कुछ मूली ले सकते हैं? किसान ने इसके लिए हामी भर दी। लेकिन उसे क्या पता था कि ये हामी एक अफवाह ही उड़ा देगी। पूरे शहर में अफवाह फैल गई कि खेत से हर कोई मुफ्त में मूली ले जा सकता है। 

अफवाह के बाद जाम हो गया शहर 
जैसे ही ये अफवाह उड़ी, लोग 140 किलोमीटर दूर से ही किसान के खेत में आने लगे। खेत से 2 किलोमीटर दूर तक ट्रैफिक जाम लग गया। लोगों ने आकर खेतों से मूली उखाड़ ली। कई लोगों ने इसे सोशल मीडिया पर लाइव स्ट्रीम भी किया। लोगों ने किसान के खेत से 30 लाख रुपए की मूली चुरा ली। 

पुलिस भी लाचार 
इस घटना के बाद किसान ने पुलिस में मामला भी दर्ज करवाया लेकिन इस चोरी में हजारों लोग शामिल थे। हर किसी ने मूली को अफवाह के बाद उखाड़ा। ऐसे में पुलिस भी लाचार हो गई। बाद में कुछ लोगों ने डोनेशन के जरिये किसान का नुकसान कम करने की कोशिश की। बाद में किसान ने अपने खेत में गेंहू लगवा दिए।