रूस के कजान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान रूस के लोगों से कृष्ण भजन सुनकर पीएम भाव विभोर हो गए।

कजान। 16वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन (16th Brics Summit) में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को रूस के कजान पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

रूस के लोगों और प्रवासी भारतीयों ने पूरे उत्साह से नरेंद्र मोदी का स्वागत किया। इस दौरान रूस के लोगों ने कृष्ण भजन गाया। यह देखकर पीएम मोदी भाव विभोर हो गए। वह हाथ जोड़कर खड़े हो गए और पूरा भजन सुना।

Scroll to load tweet…

व्लादिमीर पुतिन के साथ बात करेंगे नरेंद्र मोदी

16वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर नरेंद्र मोदी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। दोनों नेताओं की इस मुलाकात पर दुनिया की नजर है। नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच भी बातचीत हो सकती है। वह ब्रिक्स के सदस्य देशों के कई और नेताओं से भी मिलेंगे।

इस साल नरेंद्र मोदी की यह दूसरी रूस यात्रा है। जुलाई में उन्होंने मास्को में 22वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लिया था। इस यात्रा के दौरान उन्होंने पुतिन के साथ द्विपक्षीय वार्ता की थी। इसके बाद यूक्रेन गए थे और वहां के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से बात की थी। रूस और यूक्रेन के बीच ढाई साल से अधिक समय से जंग चल रही है। नरेंद्र मोदी ने बातचीत और कूटनीति के माध्यम से विवादों का समाधान करने और लड़ाई रोकने का आह्वान किया है।

क्या है BRICS?

ब्रिक्स (BRICS) एक समूह है। शुरुआत में इसमें पांच देश ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका शामिल थे। इसमें ईरान, मिस्र, इथियोपिया और संयुक्त अरब अमीरात जैसे नए सदस्य देशों को जोड़ा गया है। शिखर सम्मेलन में सभी सदस्य देशों के नेता जुटते हैं और चर्चा करते हैं।

यह भी पढ़ें- क्या यूक्रेन में रूस की जंग लड़ रहे उत्तर कोरिया के सैनिक, क्या होगा इसका असर?