अमेरिका में टॉरनेडो के चलते 21 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हुए हैं। बवंडर के चलते कई घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। बिजली के पोल और पेड़ उखड़ गए हैं। 

वशिंगटन। अमेरिका में विनाशकारी टॉरनेडो (बवंडर) ने कहर बरपाया है। इसके चलते पक्के मकान ताश के पत्तों की तरह उड़ गए। अब तक 21 लागों के मारे जाने की खबर मिली है। दक्षिण-मध्य और पूर्वी अमेरिका में सबसे अधिक तबाही हुई है। यहां टॉरनेडो के चलते दर्जनों लोग घायल हुए हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

अमेरिकी राज्य टेनेसी टॉरनेडो से सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। यहां सात मौतों की पुष्टि की हुई है। अर्कांसस, मिसिसिपी, अलबामा, इंडियाना और इलिनोइस में 11 लोगों की मौत हुई है। शनिवार को तूफान का असर अमेरिका के पूर्वी तट पर देखा गया। यहां रविवार देर रात तक गरज, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की भविष्यवाणी की गई थी।

बवंडर के चलते उखड़ गए बिजली के पोल

अर्कांसस की गवर्नर सारा हुकाबी सैंडर्स ने कहा कि शुक्रवार को तूफान ने दौरान कई बवंडर आए थे। इनमें से कुछ बड़े आकार के और बेहद शक्तिशाली थे। इनके चलते राजधानी लिटिल रॉक सहित राज्य के अन्य हिस्सों में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई। बवंडर के चलते कई घर क्षतिग्रस्त हो गए, कारें पलट गईं, बिजली की लाइनें उखड़ गईं और पेड़ जमीन से उखड़ गए।

गवर्नर ने आपातकाल की स्थिति घोषित कर दी है। राहत और बचाव अभियान के लिए नेशनल गार्ड को तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि मैंने राष्ट्रपति जो बाइडेन से बात की है। उन्होंने संघीय सहायता में तेजी लाने का वादा किया है।

नेशनल वेदर सर्विस ने जारी की थी चेतावनी

नेशनल वेदर सर्विस ने ​​उत्तर में आयोवा से लेकर दक्षिणी राज्य मिसिसिपी तक कई राज्यों के लिए बवंडर की चेतावनी जारी की थी। यहां पिछले सप्ताह एक बवंडर ने 25 लोगों की जान ले ली थी। बवंडर के चलते शिकागो के बेल्विदेरे के इलिनोइस शहर में अपोलो थिएटर की छत गिर गई थी। उस वक्त थिएटर में हेवी मेटल बैंड द्वारा परफॉर्म किया जा रहा था। मलबे के नीचे दबने से कई लोग मारे गए थे।