फ्रांस में 14 जुलाई को होने वाले बैस्टिल डे परेड (Bastille Day Parade) में भारतीय वायु सेना के 3 राफेल विमान हिस्सा लेंगे। इसमें नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। 

पेरिस। फ्रांस की राजधानी पेरिस के चैंप्स एलिसीज में 14 जुलाई को बैस्टिल डे परेड (Bastille Day Parade) का आयोजन किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसमें मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। भारतीय वायु सेना के तीन राफेल फाइटर जेट इस परेड में हिस्सा लेंगे और अपना दम दिखाएंगे।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

भारत ने फ्रांस से 36 राफेल विमान खरीदे हैं। रूस से सुखोई एमकेआई 30 खरीदे जाने के बाद लड़ाकू विमान के लिए यह सबसे बड़ी डील थी। राफेल दो इंजन वाला मल्टी रोल फाइटर जेट है। हवा में होने वाली लड़ाई हो या जमीन पर हमला करना, यह हर तरह के ऑपरेशन को अंजाम दे सकता है।

बैस्टिल डे परेड में शामिल होंगे नरेंद्र मोदी

पिछले साल अगस्त में फ्रांस एयर एंड स्पेस फोर्स के तीन राफेल विमानों ने भारतीय वायु सेना के सुलूर एयरबेस पर लैंडिंग की थी। यह तमिलनाडु में स्थित है। तीनों विमान फ्रांस से उड़कर प्रशांत महासागर में एक बड़े सैन्य अभियान के लिए जा रहे थे। पिछले महीने विदेश मंत्रालय ने बताया था कि नरेंद्र मोदी बैस्टिल डे परेड में सम्मानित अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

मजबूत हो रहे हैं भारत और फ्रांस के संबंध

विदेश मंत्रालय ने कहा था कि भारत और फ्रांस के संबंध मजबूत हो रहे हैं। दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी बढ़ी है। इसके साथ ही सांस्कृतिक, वैज्ञानिक, शैक्षणिक और आर्थिक सहयोग भी बढ़े हैं। नरेंद्र मोदी की फ्रांस यात्रा से इन क्षेत्रों में दोनों देशों के और आगे बढ़ने की उम्मीद है। भारतीय नौ सेना अपने नए एयरक्राफ्ट करियर आईएनएस विक्रांत के लिए नए लड़ाकू की तलाश में है। इसके लिए फ्रांस के राफेल एम और अमेरिका के F/A-18 सुपर हॉर्नेट के बीच मुकाबला है। दोनों लड़ाकू विमान दो इंजन वाले हैं। भारतीय नौ सेना वर्तमान में अपने एयरक्राफ्ट करियर आईएनएस विक्रमादित्य से मिग 29 विमान को ऑपरेट कर रही है। मिग 29 को अभी विक्रांत से भी ऑपरेट किया जा रहा है।