चीन के गुआंग्डोंग प्रांत में 25 साल के एक सिरफिरे युवक ने एक स्कूल पर हमला किया। उसने चाकू मारकर छह लोगों की हत्या कर दी। इनमें तीन बच्चे हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

गुआंग्डोंग (चीन)। चीन के गुआंग्डोंग प्रांत में सोमवार को एक सिरफिरे युवक ने बच्चों के स्कूल में घुसकर हमला कर दिया। 25 साल का हमलावर चाकू लेकर आया था। उसने छोटे-छोटे बच्चों को चाकू मारी। इस दौरान उसने एक शिक्षक और बच्चों के परिजनों पर भी हमला किया। इस घटना में छह लोगों की मौत हुई है। मृतकों में तीन बच्चे, एक शिक्षक और दो पैरेंट्स हैं। एक व्यक्ति घायल हुआ है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना लियानजियांग काउंटी की है। स्थानीय पुलिस ने बयान जारी कर बताया कि जानबूझकर हमला किया गया। 25 साल के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। हमला सुबह करीब 7:40 बजे किया गया। संदिग्ध को जल्द पकड़ लिया गया। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दिया है।

चीन में लोगों के बंदूक रखने पर है रोक

गौरतलब है कि चीन में आम लोगों के बंदूक और खतरनाक हथियार रखने पर रोक है। बंदूक पर लगे प्रतिबंध का सख्ती से पालन किया जाता है, लेकिन लोग चाकू जैसे हथियार रखते हैं। हाल के वर्षों में चीन में चाकूबाजी की घटनाएं बढ़ी हैं।

चीन में स्कूलों के आसपास बढ़ाई गई थी सुरक्षा

सिरफिरे हमलावरों द्वारा कई बार स्कूलों को निशाना बनाया गया है। इसके चलते अधिकारियों ने स्कूलों के आसपास सुरक्षा बढ़ाई है। अगस्त 2022 में इसी तरह एक हमलावर ने जियांग्शी प्रांत में एक किंडरगार्टन पर हमला किया था। उसने चाकू मारकर तीन लोगों की हत्या कर दी थी। उसके हमले का शिकार होकर छह लोग घायल हुए थे। इस घटना के बाद पूरे देश में दहशत फैल गई थी। ऐसी घटना आगे नहीं हो इसके लिए चीन सरकार ने स्कूलों की सुरक्षा बढ़ाई थी। सोमवार को हुई घटना ने एक बार फिर चीन को सकते में डाल दिया है। इस घटना की जांच की जा रही है। पता लगाया जा रहा है कि हमले का कारण क्या था।