अफगानिस्तान के हेरात के गुजरगाह मस्जिद में बम धमाका हुआ है। इस आतंकी हमले में प्रमुख मौलवी मुजीब-उल रहमान अंसारी समेत 20 लोगों की मौत हुई है और करीब 200 लोग घायल हुए हैं। 

हेरात। अफगानिस्तान के हेरात शहर में शुक्रवार को एक बड़े आतंकी हमले को अंजाम दिया गया है। हेरात के गुजरगाह मस्जिद में बम धमाका हुआ है। धमाके की चपेट में आकर 20 लोगों की मौत हो गई और करीब 200 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

बम धमाके में अफगानिस्तान के एक प्रमुख मौलवी मुजीब-उल रहमान अंसारी की मौत हो गई। शुक्रवार होने के चलते बड़ी संख्या में लोग दोपहर की नमाज के लिए गुजरगाह मस्जिद में जुटे थे। लोग नमाज पढ़ रहे थे तभी धमाका हो गया। धमाके के बाद अफरा-तफरी मच गई।

कौन थे मुजीब-उल रहमान अंसारी?
मुजीब-उल रहमान अंसारी एक प्रमुख मौलवी थे। वह पिछले दो दशकों में देश की पश्चिमी समर्थित सरकारों की आलोचना के लिए जाने जाते थे। उन्हें तालिबान का करीबी माना जाता था। तालिबान ने 2021 में विदेशी ताकतों के हटने के साथ ही अफगानिस्तान पर नियंत्रण कर लिया था। अंसारी की मौत की पुष्टि तालिबान के प्रमुख प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद ने की है। अभी तक किसी भी समूह या व्यक्ति ने विस्फोट की जिम्मेदारी नहीं ली है।

घायलों से भर गए अस्पताल
बम धमाके में घायल हुए लोगों से हेरात के बड़े अस्पताल भर गए हैं। अस्पतालों में इलाज की समुचित व्यवस्था नहीं होने के चलते घायलों को परेशानी हो रही है। अफगानिस्तान के पत्रकार बिलाल सरवनी ने ट्विटर पर जानकारी दी है कि अस्पतालों में खून नहीं है, डॉक्टर भी बहुत कम संख्या में हैं। इसके चलते घायलों का सही इलाज नहीं हो पा रहा है।

यह भी पढ़ें- पाकिस्तान में डूबा UK के बराबर का एरिया, फिर भयंकर बारिश-बाढ़ का खतरा, ग्लोबल वार्मिंग को लेकर बढ़ा ALERT

गौरतलब है कि अफगानिस्तान में मस्जिदों पर आतंकी हमले की घटनाएं पिछले कुछ समय में बढ़ी हैं। 17 अगस्त को काबुल के अबू बक्र अल सादिक मस्जिद में बम धमाका हुआ था। इस आतंकी हमले में 50 लोग मारे गए थे। ब्लास्ट शाम को नमाज के दौरान हुआ था। मारे गए लोगों में एक प्रमुख धार्मिक विद्वान मौलवी अमीर मोहम्मद काबुली के साथ-साथ उत्तरी अफगानिस्तान के अन्य मौलबी भी शामिल थे।

यह भी पढ़ें- इस्लामिक कट्टरता और आतंकवाद से निपटने मुसलमानों को बुरी तरह रौंद रहा यह देश