मंगलवार को एयर इंडिया (Air India flight) के विमान को इंजन में तकनीकी खराबी आने पर रूस के मगदान में लैंड करना पड़ा था। यहां रूसी लोगों ने भारतीय यात्रियों की पूरी मदद की। एक रूसी महिला ने इस दौरान भारत-रूस संबंध और भारतीय फिल्मों पर बात की। 

नई दिल्ली। जिमी जिमी जिमी.. आजा..आजा..गाने के बोल गुनगुना रही यह महिला रूस की है। नई दिल्ली से अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को जा रहे भारत के लोगों पर संकट आया तो यह महिला मदद के लिए आगे आई। अंग्रेजी जानने के चलते इसने भारतीय लोगों और स्थानीय रूसी लोगों के बीच संवाद कायम करने में मदद की। महिला ने यह भी बताया कि किस तरह भारत और रूस के अच्छे संबंध दोनों देशों के सभी नागरिकों के लिए मायने रखते हैं। महिला ने भारतीय फिल्मों की खूब तारीफ की। इस दौरान दिखा कि भारत का सॉफ्ट पावर दुनिया में कितना असरदार है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

दरअसल, मंगलवार को नई दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को के लिए एयर इंडिया के एक विमान ने उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान विमान के इंजन में तकनीकी खराबी आ गई थी। उस वक्त रूस के मगदान में स्थित एयरपोर्ट सबसे करीब था, जिसके चलते विमान को मगदान के लिए डायवर्ट किया गया। विमान सुरक्षित रूप से मगदान एयरपोर्ट पर उतर गया। मगदान छोटा शहर है। यहां इतने बड़े होटल नहीं हैं कि 216 यात्रियों और विमान के क्रू मेंबर्स को ठहराया जा सके।

Scroll to load tweet…

रूसी नागरिकों ने की भारतीयों की मदद

यात्रियों को एयरपोर्ट के पास के एक स्कूल में ले जाया गया। भारतीय दूतावास ने स्थानीय प्रशासन की मदद से यात्रियों के लिए खाने और ठहरने के लिए जरूरी इंतजाम कराए। इस दौरान स्थानीय रूसी लोगों ने भी खूब मदद की। रूसी लोगों ने भारतीयों की मदद अपने करीबी दोस्त की तरह की। रूस और यूक्रेन के बीच चल रही लड़ाई के चलते वर्तमान में रूस और अमेरिका के बीच सीधी फ्लाइट नहीं है। इसके चलते एयर इंडिया ने बुधवार को दूसरे विमान को मगदान भेजा। इस विमान में सवार होकर यात्री गुरुवार को सैन फ्रांसिस्को पहुंचे।

रूसी महिला बोली- खूब देखी है हिन्दी फिल्में

रूसी महिला ने कहा कि भारत और रूस के बीच बेहद अच्छे संबंध हैं। यह शहर बहुत बड़ा नहीं है। यहां के हर व्यक्ति को पता है कि भारतीय विमान ने लैंडिंग की है। मैंने अपने डायरेक्टर से कहा कि मुझे भारतीयों की मदद के लिए जाना चाहिए तो उन्होंने कहा जरूर जाओ। हमें एक-दूसरे की मदद करने की जरूरत है। मुझे पूरा भरोसा है कि अगर ऐसा भारत में हुआ तो भारत के लोग हमारी मदद करेंगे।

रूसी महिला ने कहा कि सोवियत यूनियन के वक्त से ही भारत के साथ हमारी अच्छी दोस्ती है। मैं भारतीय फिल्में देखते हुए बड़ी हुई हूं। मैं हर किसी को जानती हूं, मिथुन चक्रवर्ती, विजय, ऋषि कपूर, राज कपूर। महिला ने जिमी जिमी जिमी.. आजा.. आजा.. गाना गुनगुनाया और कहा कि यह मेरा पसंदीदा गाना है। यहां हर किसी को इस गाने के बारे में पता है। हमें भारत की संस्कृति और हर बात की जानकारी है। दोनों देश बहुत करीब हैं।