फ्रेडरिक मर्ज के नेतृत्व में क्रिश्चियन डेमोक्रेटिक यूनियन ने जर्मन चुनाव जीता। मर्ज जर्मनी के नए चांसलर बनने जा रहे हैं। उन्होंने ओलाफ स्कोल्ज की सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी को हराया।

Germany Elections: जर्मनी के रूढ़िवादी नेता फ्रेडरिक मर्ज नए चांसलर बनने जा रहे हैं। चुनाव में उनकी पार्टी क्रिश्चियन डेमोक्रेटिक यूनियन को सबसे अधिक वोट मिले हैं। उन्होंने ओलाफ स्कोल्ज की केंद्र-वाम सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी (SPD) को हराया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

फ्रेडरिक मर्ज के नेतृत्व वाले गुट (जिसमें उनकी पार्टी क्रिश्चियन डेमोक्रेटिक यूनियन (CDU) और क्रिश्चियन सोशल यूनियन (CSU) शामिल हैं) को 28.5% वोट मिले। दूसरे स्थान पर जर्मनी की सुदूर दक्षिणपंथी पार्टी AfD (अल्टरनेटिव फॉर जर्मनी) है। इसे 20.7% वोट मिले।

कौन हैं फ्रेडरिक मर्ज?

फ्रेडरिक मर्ज का जन्म 11 नवंबर 1955 को जर्मनी के ब्रिलोन शहर में हुआ था। उनके परिवार के लोग कानूनी प्रैक्टिस से जुड़े हैं। मर्ज ने 1976 में कानून की पढ़ाई शुरू की थी। वह 1972 से सीडीयू का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने 1981 में चार्लोट मर्ज से शादी की। चार्लोट पहले फ्रेडरिक के साथ वकालत करतीं थीं। अब वह जज हैं। उनके तीन बच्चे हैं।

1989 में मर्ज यूरोपीय संसद के लिए चुने गए थे। 1994 में Hochsauerlandkreis निर्वाचन क्षेत्र में पूर्ण बहुमत प्राप्त करने के बाद वह जर्मन संघीय संसद बुंडेस्टाग में पहुंचे। मर्ज ने सीडीयू में महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है। वह 2000 में पार्टी के संसदीय नेता बने थे। उन्होंने 2002 में यह पद एंजेला मार्केल को सौंपा था। 2005 में सीडीयू/सीएसयू ब्लॉक ने एसपीडी के साथ मिलकर जर्मनी में सरकार बनाई थी। उस समय मर्ज ने खुद को अलग-थलग पाया और 2009 में सक्रिय राजनीति छोड़ने का फैसला किया था। 10 साल बाद 2018 में मर्केल द्वारा अपनी रिटायरमेंट की घोषणा करने के बाद मर्ज ने राजनीति में वापसी की।

फ्रेडरिक मर्ज ने पहले सरकार में नहीं निभाई है भूमिका

फ्रेडरिक मर्ज ने कभी सरकार में कोई भूमिका नहीं निभाई है। अब वह जर्मनी में सत्ता संभालने की तैयारी कर रहे हैं। जर्मनी दशकों में अपने सबसे बड़े आर्थिक और कूटनीतिक संकटों का सामना कर रहा है।