सार
Saudi Banned Visas For India: सऊदी अरब ने भारत समेत 13 देशों के वीजा पर अस्थायी रोक लगा दी है। रिपोर्टों के अनुसार, यह अस्थायी प्रतिबंध मुख्य रूप से उमराह वीजा और कुछ विशेष श्रेणियों के ट्रैवल वीजा पर लागू किया गया है।
Saudi Banned Visas For India: सऊदी अरब ने हाल ही में भारत सहित 13 देशों के नागरिकों के लिए वीजा जारी करने पर अस्थायी रोक लगा दी है। इस फैसले की वजह सुरक्षा कारण और आंतरिक व्यवस्थाओं से जुड़ी बताई जा रही है। रिपोर्टों के अनुसार, यह अस्थायी प्रतिबंध मुख्य रूप से उमराह वीजा और कुछ विशेष श्रेणियों के ट्रैवल वीजा पर लागू किया गया है।
भारत समेत 13 देशों के वीजा पर प्रतिबंध
सऊदी अधिकारियों ने यह फैसला तीर्थयात्रा के दौरान भीड़-भाड़ को नियंत्रित करने और बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया है। यह रोक स्थायी नहीं है। जैसे ही हालात सामान्य होंगे और प्रशासनिक तैयारियां पूरी होंगी, वीजा जारी करने की प्रक्रिया फिर से शुरू की जा सकती है।
2024 के हज के दौरान 1200 लोगों की हुई थी मौत
भारत के अलावा जिन देशों पर यह अस्थायी रोक लगाई गई है, उनमें पाकिस्तान, बांग्लादेश, इंडोनेशिया, तुर्की और ईरान जैसे कई मुस्लिम बहुल देश शामिल हैं। सऊदी सरकार की ओर से यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले आधिकारिक सूचना और दिशा-निर्देशों की जानकारी अवश्य लें। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह प्रतिबंध इसलिए लगाया गया क्योंकि पहले कई विदेशी नागरिक उमराह या विजिट वीजा पर सऊदी अरब में प्रवेश कर गए थे और फिर नियमों का उल्लंघन करते हुए बिना आधिकारिक अनुमति के हज में भाग लेने लगे। इससे वहां अत्यधिक भीड़भाड़ और अव्यवस्था फैल गई। 2024 के हज के दौरान ऐसी ही एक घटना में भीषण गर्मी और अत्यधिक भीड़ के चलते कम से कम 1,200 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई थी।
यह भी पढ़ें: ट्रंप के टैरिफ फैसले से मचा हलचल! 50 से अधिक देश बातचीत को तैयार
तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगाया गया वीजा प्रतिबंध
सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है कि हज यात्रा के दौरान नियमों को बेहतर ढंग से लागू करने और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अस्थायी वीजा प्रतिबंध लगाया गया है। मंत्रालय ने उन देशों के नागरिकों से अपील की है, जिन पर यह रोक लगाई गई है कि वे सऊदी अरब के यात्रा नियमों और वीजा शर्तों का सख्ती से पालन करें।
रिपोर्ट्स के अनुसार, यदि कोई यात्री वीजा नियमों का उल्लंघन करते हुए सऊदी अरब में अवैध रूप से रुकता है, तो उसे पांच वर्षों तक सऊदी अरब में प्रवेश करने से प्रतिबंधित किया जा सकता है।