अमेरिका में अवैध प्रवासियों को हथकड़ी और बेड़ियों में उनके देश वापस भेजा जा रहा है। ट्रंप प्रशासन के इस कदम से कई देशों में नाराजगी है। ब्राजील पहुंचे प्रवासियों ने अमानवीय व्यवहार की शिकायत की है।

वर्ल्ड डेस्क। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने चुनाव अभियान में अवैध रूप से रह रहे अप्रवासियों को उनके देश वापस भेजने का वादा किया था। शपथ लेने के बाद उन्होंने इसपर अमल भी शुरू कर दिया। अमेरिका से अवैध अप्रवासियों से भरे विमान उड़ान भर रहे हैं। अवैध अप्रवासियों को ट्रंप प्रशासन द्वारा हाथों में हथकड़ी और पैर में जंजीर बांधकर उनके देश भेजा जा रहा है। इससे चलते संबंधित देशों में गुस्सा भड़क रहा है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर की गईं हैं जिनमें देखा जा सकता है कि अवैध अप्रवासियों को अमानवीय व्यवहार का सामना करना पड़ा है। उन्हें हथकड़ी लगाई गई। ऐसे विमान से भेजा गया जिसमें एयर कंडीशनर नहीं था। इसके चलते उनके मूल देशों में नाराजगी है।

ब्राजील पहुंचे अवैध अप्रवासी तो शुरू हुआ विवाद

ट्रंप प्रशासन द्वारा निर्वासन की कार्रवाई शुरू किए जाने के बाद अवैध प्रवासियों का एक समूह ब्राजील पहुंचा। इसके बाद नया विवाद शुरू हुआ है। सत्ता में लौटने के बाद से ट्रंप ने सामूहिक निर्वासन तेज किया है। कई विमान अवैध आप्रवासियों को ग्वाटेमाला और ब्राजील जैसे देशों में ले जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- अमेरिका में एंट्री नहीं मिली: रिटर्न टिकट नहीं होने पर भारतीय दंपति वापस भेजे गए

ऐसा ही एक विमान ब्राजील के उत्तरी शहर मनौस में उतरा। इसमें 88 ब्राजीलियाई नागरिक हथकड़ी में बंधे हुए थे। ब्राजील के न्याय मंत्रालय ने कहा कि ब्राजील के अधिकारियों ने अपने अमेरिकी समकक्षों को "तुरंत हथकड़ी हटाने" का आदेश दिया।

ब्राजील सरकार ने अमेरिका से मांगा जवाब 

अमेरिका से भेजे गए एडगर दा सिल्वा मौरा ने कहा, "विमान में उन्होंने हमें पानी तक नहीं दिया। हमारे हाथ-पैर बांध दिए। हमें शौचालय भी नहीं जाने दिया। बहुत गर्मी थी। कुछ लोग तो बेहोश हो गए थे।" ब्राजील सरकार ने अप्रवासियों के मानवाधिकारों की "घोर अवहेलना" पर नाराजगी जताई है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि अमेरिकी सरकार से यात्रियों के साथ अपमानजनक व्यवहार के बारे में स्पष्टीकरण मांगा गया है।