पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने पूर्व सैन्य तानाशाह परवेज मुशर्रफ की सजा पर चर्चा करने के लिए बुधवार को अपनी पार्टी की कोर कमेटी की आपातकालीन बैठक बुलाई है 

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने पूर्व सैन्य तानाशाह परवेज मुशर्रफ की सजा पर चर्चा करने के लिए बुधवार को अपनी पार्टी की कोर कमेटी की आपातकालीन बैठक बुलाई है। इससे एक दिन पहले वहां की शक्तिशाली सेना ने कहा था कि इस फैसले से सशस्त्र बलों में 'दर्द और पीड़ा' है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

बैठक में सेना प्रमुख की सेवाओं के विस्तार और चुनाव आयोग में मुख्य चुनाव आयुक्त तथा अन्य सदस्यों की नियुक्ति से संबंधित कानूनी पहलुओं पर भी चर्चा होगी। सत्तारूढ़ पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के सूत्रों ने बताया कि खान मुशर्रफ की सजा के संबंध में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा करेंगे।

विपक्ष में मुशर्रफ की सजा का समर्थन किया था

गौरतलब है कि खान ने विपक्ष में रहते हुए देशद्रोह के मामले में मुशर्रफ की सजा का समर्थन किया था। कई स्थानीय समाचार चैनल लगातार उनके पुराने साक्षात्कार के अंश दिखा रहे हैं। खान मंगलवार को 'वैश्विक शरणार्थी मंच' की बैठक में शामिल होने जिनेवा गए थे, जब पेशावर उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश वकार अहमद सेठ के अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ ने 76 वर्षीय बीमार पूर्व सेना प्रमुख को देशद्रोह का दोषी पाया और मौत की सजा सुनाई।

मुशर्रफ इस समय दुबई में रह रहे हैं। मुशर्रफ को सजा सुनाए जाने पर सेना ने अपनी नाराजगी जताई और कहा कि इस फैसले ने सैन्य बलों को 'दर्द और पीड़ा' पहुंचायी है।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)

(फाइल फोटो)