स्पेसएक्स का इंस्पिरेशन-4 मिशन अब आधिकारिक तौर पर सफल हो गया है। पृथ्वी के तीन दिन तक चक्कर लगाने के लिए चार लोगों के साथ गई 'स्पेसएक्स' की पहली निजी उड़ान धरती पर लौट आई।

फ्लोरिडा। आम आदमी की अंतरिक्ष के सैर की ख़्वाहिश पूरी हो गई है। स्पेसएक्स के ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट में अंतरिक्ष सैर पर गए चार आम लोग वापस लौट आए हैं। रविवार सुबह एयरक्राफ्ट ने फ्लोरिडा के तट के आगे अटलांटिक समुद्र में लैंडिंग की। चारों लोग तीन दिन पहले इंस्पिरेशन-4 नाम के इस मिशन पर गए थे। सफर पर गईं डॉ. सियान प्रॉक्टर ने ट्वीट किया- ये मेरी जिंदगी का सबसे अच्छा सफर था। शुक्रिया एलन मस्क और स्पेसएक्स।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

इंस्पिरेशन-4 मिशन आधिकारिक रूप से सफल

स्पेसएक्स का इंस्पिरेशन-4 मिशन अब आधिकारिक तौर पर सफल हो गया है। पृथ्वी के तीन दिन तक चक्कर लगाने के लिए चार लोगों के साथ गई 'स्पेसएक्स' की पहली निजी उड़ान धरती पर लौट आई। इसी गुरुवार को निजी अंतरिक्ष यात्रा पर गए चार शौकिया अंतरिक्ष यात्री तीन दिनों तक ग्रह की परिक्रमा करने के बाद शनिवार की रात (भारतीय समयानुसार रविवार सुबह) सुरक्षित रूप से पृथ्वी पर वापस आ गए। ऐसा पहली बार है जब अंतरिक्ष यान में मौजूद कोई भी व्यक्ति पेशेवर अंतरिक्ष यात्री नहीं था।

कहाँ लैंड हुआ स्पेसएक्स का ड्रैगन कैप्सूल

स्पेसएक्स का ड्रैगन कैप्सूल अंतरिक्ष यान 'रेसिलिएंस' संयुक्त राज्य अमेरिका में फ्लोरिडा के तट पर अटलांटिक महासागर में लगभग 7:07 बजे ईडीटी (भारतीय समयानुसार करीब 4:37 बजे) पर लैंड किया। स्पेसएक्स ने सफल टेक ऑफ के बाद सफल लैंडिंग कराकर एक इतिहास रच दिया है। इस मिशन ने मानव अंतरिक्ष यान के इतिहास में एक नया अध्याय लिख दिया है और शायद इसने स्पेस टूरिज्म का दरवाजा खोल दिया है।

दो महिला दो पुरुष गए थे स्पेस में

'स्पेसएक्स के 'ड्रैगन कैप्सूल' में दो पुरुष और दो महिलाएं थीं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से 100 मील (160 किलोमीटर) ऊंचाई वाली एक कक्षा से पृथ्वी की परिक्रमा करते हुए तीन दिन बिताए।

मिलियनर इसाकमैन ने किया नेतृत्व

इस उड़ान का नेतृत्व 38 वर्षीय अरबपति जारेड इसाकमैन ने किया। वह 'शिफ्ट4 पेमेंट्स इंक' के कार्यकारी प्रबंधक हैं। उनके अलावा कैंसर से उबरी हेले आर्सीनॉक्स (29), स्वीपस्टेक विजेता क्रिस सेम्ब्रोस्की (42) और एरिज़ोना में एक सामुदायिक कॉलेज के शिक्षक सियान प्रॉक्टर (51) इन मिशन में शामिल थीं।

आर्सीनॉक्स अंतरिक्ष में जाने वाली सबसे कम उम्र की अमेरिकी हैं। वह किसी कृत्रिम अंग के साथ अंतरिक्ष में जाने वाली पहली शख्स भी है। उनके बाएं पैर में टाइटेनियम रॉड पड़ी है।