सार

इटली की पीएम मेलोनी ने जॉर्ज सोरोस पर देशों को अस्थिर करने का आरोप लगाया और एलन मस्क का बचाव किया। उन्होंने कहा कि मस्क लोकतंत्र के लिए खतरा नहीं, बल्कि सोरोस हैं।

Italy PM Giorgia Meloni attacks on Soros:इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने टेस्ला के मालिक एलन मस्क का बचाव करते हुए अरबपति जॉर्ज सोरोस पर जोरदार हमला बोला है। मेलोनी ने गुरुवार को कहा कि अरबपति जॉर्ज सोरोस अन्य देशों की घरेलू राजनीति में हस्तक्षेप करते हैं। सोरोस अपने धन का यूज देशों को अस्थिर करने के लिए करते हैं। मेलोनी का यह बयान उस समय आया है जब एलन मस्क पर यूरोप की राजनीति में कथित हस्तक्षेप को लेकर आलोचना हो रही है।

मस्क का किया बचाव

इटली पीएम जॉर्जिया मेलोनी ने कहा कि एलन मस्क द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर यूरोप की राजनीति को लेकर किए गए बयान लोकतंत्र के लिए किसी भी तरह से खतरा नहीं हैं। उन्होंने मस्क की तुलना जॉर्ज सोरोस से करते हुए कहा कि असल में लोकतंत्र और राजनीति में हस्तक्षेप का खतरा सोरोस जैसे लोग हैं।

मस्क पर सवाल, सोरोस पर जवाब

पीएम मेलोनी ने कहा: एलन मस्क केवल अपने विचार व्यक्त कर रहे हैं। क्या समस्या यह है कि वह धनी हैं और उनके विचार दक्षिणपंथी हैं? या समस्या यह है कि वह वामपंथी नहीं हैं? मेलोनी ने दावा किया कि यूरोप की राजनीति में लंबे समय से बाहरी हस्तक्षेप होता रहा है। मस्क लोकतंत्र के लिए खतरा नहीं हैं लेकिन जॉर्ज सोरोस हैं।

सोरोस पर गंभीर आरोप

मेलोनी ने कहा कि उन्होंने एलन मस्क से कोई आर्थिक सहायता नहीं ली है जैसा कि कुछ लोग सोरोस से लेते रहे हैं। उन्होंने उन खबरों का भी खंडन किया जिसमें कहा जा रहा था कि इटली सरकार एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स के साथ साइबर सुरक्षा से जुड़ा एक बड़ा और विवादास्पद समझौता करने वाली है। मेलोनी ने कहा: समस्या तब होती है जब धनी लोग अपने संसाधनों का उपयोग दुनियाभर में राजनीतिक दलों, संगठनों और नेताओं को वित्तीय सहायता देने में करते हैं ताकि राष्ट्रों की राजनीतिक दिशा को प्रभावित किया जा सके। एलन मस्क ऐसा नहीं कर रहे हैं। मैंने मस्क को किसी राजनीतिक दल, संगठन या नेता को आर्थिक सहायता देते नहीं देखा। लेकिन जॉर्ज सोरोस ऐसा करते हैं और हां, मैं इसे खतरनाक हस्तक्षेप मानती हूं।

यह भी पढ़ें:

पीएम मोदी ने ताइवान के मंत्रिमंडल पर खोला राज, जानें क्या है खास?