जापान में एक रेस्टोरेंट मालिक ने पैसे की तंगी के चलते अपने पिता के शव को दो साल तक अलमारी में छिपाए रखा। पुलिस ने मामले का पर्दाफाश किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

जापान में 56 साल के नोबुहिको सुजुकी ने अपने पिता के शव को घर की आलमारी में दो साल तक छिपाकर रखा। वह अंतिम संस्कार का खर्च उठाने के लिए तैयार नहीं था। उसके 83 साल के पिता की मौत जनवरी 2023 में हुई थी। पुलिस ने इस मामले का पर्दाफाश किया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

नोबुहिको सुजुकी रेस्टोरेंट का मालिक है। सुजुकी ने टोक्यो में अपना चीनी रेस्तरां एक सप्ताह से नहीं खोला था। इसके चलते पड़ोसियों में चिंता पैदा हो गई। उन लोगों ने पुलिस को खबर कर दिया। इसके बाद पुलिस अधिकारी जांच के लिए सुजुकी के घर पहुंचे और अलमारी के अंदर छिपे उसके पिता के कंकाल को खोज निकाला।

पैसे की तंगी के चलते नहीं किया पिता का अंतिम संस्कार

पूछताछ किए जाने पर सुजुकी ने पुलिस अधिकारी को बताया कि उसने पैसे की तंगी के चलते यह काम किया। अंतिम संस्कार के लिए बहुत पैसे चाहिए थे। उसके पास इतने पैसे नहीं थे। हालांकि उनके पिता की मौत किस तरह हुई यह अस्पष्ट है। सुजुकी ने दावा किया कि वह घर लौटा तो पिता को मृत पाया।

SCMP की रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने बताया कि सुजुकी को पिता की मौत के चलते शुरू में अपराधबोध हुआ था। बाद में उसे राहत मिली। उसे लगा कि उसके पिता ही उसकी पीड़ा के लिए जिम्मेदार हैं। सुजुकी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधिकारी उसपर लगे पेंशन गबन के आरोपों की जांच कर रहे हैं।

जापान में अंतिम संस्कार करने में खर्च होते हैं 7.59 लाख रुपए

सैन होल्डिंग्स इंक. के सर्वे के अनुसार जापान में अंतिम संस्कार की औसत लागत 1.3 मिलियन येन (7.59 लाख रुपए से अधिक) है। अंतिम संस्कार का खर्च अधिक होने से जापान में परिजनों द्वारा शव छिपाने की घटनाएं सामने आई हैं। 2023 में एक 56 साल के बेरोजगार व्यक्ति ने अंतिम संस्कार के खर्च से बचने के लिए अपनी 72 साल की मां के शव को तीन साल (2019-2022) तक घर पर रखा था। इस दौरान वह पेंशन लेता रहा।