नासा के वैज्ञानिकों ने हबल टेलीस्कोप से एक ऐसे इंटरस्टेलर कॉमेट की तस्वीरें ली हैं, जो अब तक का सबसे तेज स्पीड से दौड़ने वाला धूमकेतु है। वैज्ञानिकों का कहना है कि ये धूमकेतु किसी दूसरे सोलर सिस्टम से सौरमंडल में आया है। 

Fastest Comet: ब्रह्मांड में कई ऐसी चीजें हैं, जो आज भी वैज्ञानिकों के लिए रहस्य बनी हुई हैं। खगोलविदों की एक टीम ने हाल ही में नासा के हबल अंतरिक्ष दूरबीन से इंटरस्टेलर धूमकेतु 3I/ATLAS की अब तक की सबसे साफ तस्वीर ली है। खास बात ये है कि ये अब तक खोजे गए धूमकेतु में सबसे तेज गति से दौड़ने वाला कॉमेट है। हालांकि, इसकी स्पीड से धरती को कोई खतरा नहीं है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

कितने सालों से अंतरिक्ष में भटक रहा इंटरस्टेलर धूमकेतु?

NASA के वैज्ञानिकों का मानना है कि ये एक ऐसा विशालकाय आकाशीय पिंड है, जो अरबों सालों से अंतरिक्ष में यहां-वहां घूम रहा है। खगोलविदों की टीम के प्रमुख डेविड जेविट के मुताबिक, ये धूमकेतु किस सोलर सिस्टम या तारे से टूटकर बना है, इस बारे में अभी साफतौर पर कुछ नहीं कहा जा सकता है।

नासा की दूरबीन हबल को धूमकेतु में क्या दिखा?

NASA की दूरबीन हबल ने इंटरस्टेलर कॉमेट की जो तस्वीरें ली हैं, उनमें दिख रहा है कि इस धूमकेतु का नाभिक बर्फ और पत्थर से बना है। शोधकर्ताओं की रिपोर्ट के मुताबिक, नाभिक के व्यास की ऊपरी सीमा 3.5 मील यानी 5.6 किलोमीटर हो सकती है। हालांकि, वैज्ञानिकों का कहना है कि धूमकेतु का कोर 320 मीटर जितना छोटा भी हो सकता है। ये सिर्फ एक अनुमान है, क्योंकि असल नाभिक किसी भी टेलीस्कोप से साफतौर पर नहीं देखा जा सका है।

ये भी पढ़ें: इस तारीख को 1.6 लाख साल बाद दिखेगा धूमकेतु, जीवन में एक बार का मौका

क्या इंटरस्टेलर धूमकेतु की भी पूंछ है?

हबल टेलीस्कोप ने धूमकेतु के कोर से धूल के गुबार की एक मोटी परत निकलती देखी है, जो किसी पूंछ की तरह नजर आती है। वैज्ञानिकों का कहना है कि सूर्य के तेज तापमान की वजह से इसके कुछ हिस्से पिघलकर गैस व धूल छोड़ रहे हैं, जो धूमकेतु की लंबी-सी पूंछ होने का आभास कराते हैं।

कब खोजा गया इंटरस्टेलर धूमकेतु?

इस धूमकेतु की खोज नासा द्वारा फंडेड एस्टेरॉयड टेरेस्टरियल इम्पैक्ट लास्ट अलर्ट सिस्टम (ATLAS) द्वारा 1 जुलाई, 2025 को सूर्य से 420 मिलियन मील की दूरी पर की गई थी। प्रमुख वैज्ञानिक डेविड जेविट के मुताबिक, कोई नहीं जानता कि ये धूमकेतु कहां से आया। यह एक सेकंड के हज़ारवें हिस्से के लिए राइफल की गोली की झलक पाने जैसा है।

क्या होते हैं Intersteller Comet?

इंटरस्टेलर धूमकेतु एक तरह से वो कॉमेट हैं, जो अंतरिक्ष में मौजूद किसी दूसरे सोलर सिस्टम या तारे से हमारे सौरमंडल में आते हैं। 3I/ATLAS ऐसा तीसरा इंटरस्टेलर धूमकेतु है, जिसे अंतरिक्ष में खोजा गया है। इससे पहले Oumuamua (2017) और Borisov (2019) दो ऐसे इंटरस्टेलर ऑब्जेक्ट अंतरिक्ष में मिल चुके हैं। लेकिन 3I/ATLAS इंटरस्टेलर कॉमेट की रफ्तार अब तक मिले धूमकेतुओं में सबसे ज्यादा है।

किस रफ्तार से दौड़ रहा इंटरस्टेलर धूमकेतु

अंतरिक्ष वैज्ञानिकों की टीम के मुताबिक, 3I/ATLAS इंटरस्टेलर कॉमेट अंतरिक्ष में 1,30,000 मील प्रति घंटा यानी 2,08,000 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ रहा है। ये अब तक खोजे गए सभी धूमकेतुओं में सबसे ज्यादा रफ्तार है। यह विस्मयकारी गति इस बात का प्रमाण है कि धूमकेतु कई अरब सालों से अंतरिक्ष में घूम रहा है। धूमकेतु के पास से गुजरे असंख्य तारों और निहारिकाओं के गुरुत्वाकर्षण प्रभाव ने इसकी गति को और बढ़ाया है।

ये भी देखें :NASA Alert: धरती की ओर बढ़ रहा विमान के आकार का एस्ट्रोइड, जानें क्या है स्पीड, कब पास पहुंचेगा