इंडोनेशिया में 2018 में पैदा हुए एक-दूसरे से जुड़े हुए जुड़वा बच्चों की सफल सर्जरी की गई है। दोनों चार हाथ और तीन पैर के साथ पैदा हुए थे।

नई दिल्ली। 2018 में इंडोनेशिया में एक-दूसरे से जुड़े हुए जुड़वा बच्चे पैदा हुए हैं। इनके चार हाथ और तीन पैर थे। इस तरह जुड़े हुए जुड़वा बच्चे को Ischiopagus Tripus conjoined twin कहा जाता है। यह बेहद रेयर मामला है। दो लाख में एक बच्चे के जन्म में ऐसा मामला देखने को मिलता है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

अमेरिकन जर्नल ऑफ केस रिपोर्ट्स ने इन जुड़वां लड़कों के दुर्लभ मामले का दस्तावेजीकरण किया है। इनकी सफल सर्जरी हुई है। दोनों बच्चे एक मूत्राशय, मलाशय और आंत शेयर करते हैं। जुड़वा बच्चों के तीन पैर और चार हाथ हैं। दोनों बच्चों को अपने शुरुआती वर्षों में कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। वे बैठ नहीं पाते थे।

अमेरिकन जर्नल ऑफ केस रिपोर्ट्स के अनुसार ऐसा मामला बेहद दुर्लभ है। इन्हें अलग करना बेहद जटिल होता है। ऐसे 60% से अधिक मामलों में जुड़वा बच्चों में से एक जन्म तक जीवित नहीं रह पाता है या मृत पैदा होता है। सौभाग्य से ये दोनों बच्चे जिंदा रहे। एक कुशल सर्जिकल टीम ने उनके कूल्हे और पैल्विक हड्डी की संरचना को स्थिर करते हुए उनके तीसरे पैर को काटने की नाजुक प्रक्रिया को अंजाम दिया। इस ऑपरेशन के बाद दोनों बच्चे सीधे बैठ सके। यह नहीं बताया गया है कि जुड़वा बच्चों की सर्जरी कब की गई।

इलाज के दौरान डॉक्टरों को पता चला कि जुड़वा बच्चों में से एक की बायीं किडनी में हाइपोप्लेसिया है। उसकी किडनी अविकसित थी। दूसरे जुड़वां में केवल एक किडनी थी। दिलचस्प बात यह है कि परिवार के किसी दूसरे सदस्य में ऐसी परेशानी नहीं थी। जुड़वा बच्चों के दो बड़े भाई-बहन हैं। उन्हें ऐसी परेशानी नहीं है। दोनों बच्चे अभी भी एक दूसरे से जुड़े हुए हैं। उन्हें अलग करने की सर्जरी नहीं की गई है। अभी यह तय नहीं है कि भविष्य में उनकी सर्जरी होगी या नहीं।

क्यों पैदा होते हैं एक-दूसरे से जुड़े हुए जुड़वा बच्चे?

जुड़वा बच्चे तब पैदा होते हैं जब महिला के गर्भ में फर्टिलाइज एग दो हिस्से में बंट जाता है। दोनों अलग-अलग भ्रूण के रूप में विकसित होते हैं। ऐसे में दो अलग-अलग बच्चे पैदा होते हैं।

हालांकि कभी-कभी फर्टिलाइज एग दो हिस्से में बंटता है, लेकिन पूरी तरह अलग नहीं होता। ऐसी स्थिति में गर्भ में दो बच्चे पलते हैं, लेकिन उनका शरीर एक दूसरे से जुड़ा होता है। वे आमतौर पर छाती, पेट या पेल्विस से जुड़े होते हैं। इसी तरह के बच्चों को Conjoined twins कहा जाता है। यह बेहद दुर्लभ स्थिति है। 2 लाख बच्चों के जन्म में से एक ऐसा मामला देखने को मिलता है। Conjoined twins के लगभग दो-तिहाई मामलों में कम से कम एक जुड़वां या तो गर्भधारण के दौरान मर जाता है या मृत पैदा होता है।