पाकिस्तान में पिता ने दो बेटियों की गोली मारकर हत्या कर दी। इसी सप्ताह एक 12 साल के लड़के ने अपनी मां की हत्या ऑनर किलिंग (Honour Killing) के नाम पर की थी।

इस्लामाबाद। पाकिस्तान इन दिनों ऑनर किलिंग (Honour Killing) की घटनाओं से दहल रहा है। कहीं बेटा मां की हत्या कर रहा है तो कहीं बाप बेटियों की जान ले रहा है। इसी क्रम में सोमवार को पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के कसुर जिले में एक पिता ने अपनी दो बेटियों की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी की पहचान मोहम्मद सईद के रूप में हुई है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

सईद हवेली नाथोवाली इलाके का रहने वाला है। उसने अपनी दो बेटियों को गोली मार दी। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हुईं और मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देकर सईद फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों लड़कियों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल ले गई। पाकिस्तानी न्यूज चैनल ARY News ने घटना की जानकारी दी है। स्थानीय पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

12 साल के बेटे ने की थी मां की हत्या

इससे पहले इसी सप्ताह इज्जत के नाम पर 12 साल के बेटे ने मां की हत्या कर दी थी। यह घटना गुजरांवाला में हुई थी। महिला सड़क पर जा रही थी तभी उसे उसके बेटे ने गोली मार दी थी। इस गोलीबारी में एक और महिला घायल हो गई थी। वह आरोपी लड़के की चाची थी। गोली लगने से आरोपी की मां की मौत मौके पर ही हो गई थी। आसपास के लोगों ने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया था। 

पुलिसकर्मियों ने घटना के तुरंत बाद लड़के को पकड़ लिया था। पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि लड़के ने क्यों अपनी मां की हत्या की और उसे ऐसा करने के लिए किसने उकसाया। पुलिस ठोस मामला बनाने के लिए सबूत इकट्ठा कर रही है।