पाकिस्तानी पुलिस अफसर शहरबानो नकवी एक पॉडकास्ट इंटरव्यू के बीच मर्डर केस सुलझाने का दावा कर ट्रोल हो रही हैं। वह 1 घंटे में केस सॉल्व कर वापस लौटीं। सोशल मीडिया यूजर्स इसे ड्रामा बताकर उनका मजाक उड़ा रहे हैं।
एक पॉडकास्ट इंटरव्यू के बीच में मर्डर केस संभालने के लिए उठकर चली जाने वाली एक पाकिस्तानी पुलिस अफसर अब सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल हो रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वीडियो में दिख रही अफसर लाहौर की असिस्टेंट सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (ASP) शहरबानो नकवी हैं। किसी फिल्म की तरह अफसर के इस बर्ताव की वजह से सोशल मीडिया यूजर्स उनका खूब मजाक उड़ा रहे हैं।
'क्या? कहां? मैं अभी पहुंची'
वीडियो शेयर करते हुए एक यूजर ने लिखा, 'अगर किसी सभ्य समाज में कोई पुलिस अफसर ऐसा करती, तो उसे नौकरी से निकाल दिया जाता और जेल हो जाती। एक घंटे में तो FIR भी दर्ज नहीं होती, और इन्होंने तो कातिल को पकड़कर हत्या की वजह भी मीडिया को बता दी। जिस काम में अदालतों को सालों लग जाते हैं, वो इन्होंने एक घंटे में कर दिया।' वीडियो में दिखता है कि एक पॉडकास्ट में बात करते-करते शहरबानो को एक कॉल आती है। वह कहती हैं, "मुझे एक फोन आ रहा है, एसएचओ का है," और फिर फोन पर बात करने लगती हैं।
"हां खुर्रम, कहां पर? आरोपी पकड़ा गया? बहुत अच्छा। रुको, मैं अभी आती हूं," वीडियो में उन्हें फोन पर यह कहते हुए सुना जा सकता है। इसके बाद वह पॉडकास्ट होस्ट से कहती हैं: "एक मर्डर हुआ है, मैं बस उसे हैंडल करके अभी आती हूं।" फिर वह उठकर चली जाती हैं और ठीक एक घंटे बाद लौटकर दावा करती हैं कि केस सुलझ गया है। जब होस्ट ने पूछा कि क्या इमरजेंसी थी, तो वह बड़ी आसानी से पुष्टि करती हैं, "यह एक मर्डर था।" उन्होंने बताया कि घटना डिफेंस फेस ए के के-ब्लॉक में हुई थी और दोस्तों के बीच पैसे के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में हत्या हुई। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी को पकड़ लिया गया है।
पाकिस्तान नाम का ड्रामा
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ खूब ट्रोलिंग हो रही है। एक यूजर ने लिखा, 'देश में ऊपर से नीचे तक सस्ते एक्टर्स की भर्ती की गई है और सब अपने-अपने ड्रामे में लगे हुए हैं।' उन्होंने आगे कहा कि मंत्री, सलाहकार, जज, या मुखिया भी इस ड्रामे के एक्टर हैं और इस ड्रामे का नाम पाकिस्तान है। एक दूसरे यूजर ने लिखा, 'पॉडकास्ट हो तो क्या, वह एक्टिंग तो अच्छी कर रही हैं।' पाकिस्तान की एक टॉप अफसर शहरबानो नकवी का यह कारनामा अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा का विषय बन गया है।







