रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) ने उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग-उन (Kim Jong-un) का गर्मजोशी से स्वागत किया है। किम रूस की यात्रा पर हैं। इस दौरान दोनों देशों के बीच हथियारों को लेकर डील हो सकती है।

वर्ल्ड डेस्क। उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग-उन रूस की यात्रा पर हैं। बुधवार को वह कॉस्मोड्रोम पहुंचे। यहां रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। इस दौरान दोनों नेता अधिकारियों और फोटोग्राफरों से घिरे दिखे।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

किम कार में सवार होकर कॉस्मोड्रोम पहुंचे। व्लादिमीर पुतिन उनका पहले से इंतजार कर रहे थे। इस मुलाकात के वीडियो सामने आए हैं। इनमें देखा जा सकता है कि किम को आता देख पुतिन आगे बढ़ते हैं और उनसे हाथ मिलाते हैं। इसके बाद दोनों कुछ देर तक सड़क पर ही बातें करते हैं।

Scroll to load tweet…

तास की रिपोर्ट के अनुसार किम ने पुतिन को उन्हें रूस आमंत्रित करने के लिए धन्यवाद दिया है। किम ने काफी व्यस्त होने के बाद भी मिलने के लिए पुतिन का आभार जताया। इसके जवाब में पुतिन ने कहा कि उन्हें किम से मिलकर खुशी हुई। दोनों ने करीब 40 सेकंड तक हाथ मिलाया। इस दौरान पुतिन ने कहा, "यह हमारा नया कॉस्मोड्रोम है।"

हथियारों को लेकर हो सकती है डील

किम जोंग उन चार साल में अपनी पहली विदेश यात्रा पर रूस पहुंचे हैं। उनकी इस यात्रा पर पूरी दुनिया की नजर है। ऐसी संभावना व्यक्त की जा रही है कि हथियारों को लेकर उत्तर कोरिया और रूस के बीच डील हो सकती है। यूक्रेन के साथ चल रही लड़ाई के चलते रूस को तोप के गोले, बम और छोटे हथियारों की जरूरत है।

यह भी पढ़ें- ट्रेन में सवार होकर रूस पहुंचे किम जोंग उन, जानें क्यों खास है चलते-फिरते किले जैसी यह रेलगाड़ी

उत्तर कोरिया के पास ऐसे हथियारों का बड़ा भंडार है। उत्तर कोरिया द्वारा रूसी मूल के तोप,टैंक व अन्य हथियार इस्तेमाल किए जाते हैं। इसके चलते रूस की सेना आसानी से उत्तर कोरिया के गोला-बारूद का इस्तेमाल कर सकती है। किम जोंग विदेश मंत्री, हथियार उद्योग के शीर्ष अधिकारियों व सेना के अधिकारियों के साथ रूस आए हैं।