फ्रांस में चर्च पर पिछले 72 घंटे में हमले की दूसरी वारदात सामने आई है। शनिवार को लियोन शहर में शॉटगन से लैस एक बंदूकधारी ने ऑर्थोडॉक्स पादरी को गोली मार दी। हमले में घायल ग्रीस की नागरिकता वाले पादरी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

पेरिस. फ्रांस में चर्च पर पिछले 72 घंटे में हमले की दूसरी वारदात सामने आई है। शनिवार को लियोन शहर में शॉटगन से लैस एक बंदूकधारी ने ऑर्थोडॉक्स पादरी को गोली मार दी। हमले में घायल ग्रीस की नागरिकता वाले पादरी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, नजदीक से गोली मारने के कारण पादरी को गंभीर चोट लगी है। हमलावर अब भी पुलिस की पकड़ से फरार बताया जा रहा है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

फ्रांस के आंतरिक मंत्रालय ने ट्वीट किया कि दक्षिण-पूर्वी शहर लियोन में यह घटना हुई है। सुरक्षा और आपातकालीन कर्मी घटनास्थल पर हैं। मंत्रालय ने चेतावनी जारी करते हुए लोगों को घटना वाली जगह से दूर रहने की अपील की गई है। आंतरिक मंत्रालय ने अभी तक यह जानकारी नहीं दी है कि हमला आतंकवाद से संबंधित है या किसी आपसी रंजिश में अंजाम दिया गया है।

तीन दिन पहले नीस के चर्च पर हुआ था आतंकी हमला
तीन दिन पहले ही गुरुवार की सुबह 21 साल के ट्यूनिशयाई मूल के आतंकी ने नीस के चर्च पर चाकू से हमला कर दिया था। इस हमले में तीन लोगों की मौत हो गई थी। बाद में पुलिस ने मुठभेड़ में हमलावर को गोली मार दी थी। 

फ्रांस में बढ़ाया गया अलर्ट 
फ्रांस में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के कारण शुक्रवार को दूसरे लॉकडाउन का ऐलान किया गया था। लेकिन, सरकार ने सोमवार तक के लिए पूजा स्थलों को इससे छूट दी है। इसी कारण बड़ी संख्या में लोग रविवार को ऑल सेंट्स डे मनाने की तैयारियों में जुटे थे। लेकिन, इन हमलों के बाद अब पूरे फ्रांस में अलर्ट के स्तर को बढ़ा दिया गया है।