रूस के मगदान में फंसे 216 यात्रियों को लेकर एयर इंडिया की रिप्लेसमेंट फ्लाइट ने अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को के लिए उड़ान भरी है। नई दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जा रहे एयर इंडिया के विमान को इंजन में तकनीकी खराबी आने पर मगदान डायवर्ट किया गया था। 

नई दिल्ली। एयर इंडिया (Air India) की रिप्लेसमेंट फ्लाइट ने रूस के मगदान से अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को के लिए उड़ान भरी है। एयरलाइन ने गुरुवार को कहा कि रिप्लेसमेंट फ्लाइट AI173 चालक दल के सभी सदस्यों और यात्रियों को लेकर रवाना हो गई है। फ्लाइट गुरुवार को 12.15 बजे सैन फ्रांसिस्को पहुंचेगी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मंगलवार को एयर इंडिया के बोइंग BA.N 777 विमान ने दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को के लिए उड़ान भरा था। उड़ते वक्त इंजन में खराबी आने पर विमान को रूस के मगदान एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया। इसके बाद बुधवार को एक दूसरे विमान को एयर इंडिया ने मुंबई से मगदान भेजा। यह विमान यात्रियों और क्रू मेंबर्स को लेकर अमेरिका के लिए रवाना हो गया है।

विमान में सवार हैं 216 यात्री

मगदान भेजे गए एयर इंडिया के विमान में 216 यात्री और चालक दल के 16 सदस्य सवार थे। मगदान छोटा शहर है। यहां के होटल में इतनी जगह नहीं थी कि इतने अधिक लोगों को ठहराया जा सके। यात्रियों को स्थानीय प्रशासन की मदद से एयरपोर्ट के पास स्थित एक स्कूल में ठहराया गया। यहां एक कमरे में 20-20 लोग जमीन पर लगाए गए बिस्तर पर सोये। यात्रियों को करीब 36 घंटे रूस में ठहरना पड़ा। मगदान रूस की राजधानी मॉस्को से 10 हजार किलोमीटर दूर है।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय को एयर इंडिया ने बताया था कि वे यात्रियों की देखभाल कर रहे हैं। स्थानीय सरकार यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था के लिए मदद कर रही है। भारतीय दूतावास को भी भोजन और आवश्यक सामान प्रदान करने के लिए कहा गया।

अमेरिका ने कहा- कर रहे स्थिति की बारीकी से निगरानी
भारतीय विमान के रूस डायवर्ट किए जाने पर अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता वेदांत पटेल ने कहा कि विमान में 50 से कम अमेरिकी नागरिक थे। विभाग को उनमें से किसी के भी रूस में अमेरिकी दूतावास या अन्य डिप्लोमेटिक पोस्ट्स तक पहुंचने की जानकारी नहीं है। हम स्थिति पर बारीकी से निगरानी कर रहे हैं।