इंडोनेशिया के उत्तरी सुलावेसी प्रांत के मनाडो में एक नर्सिंग होम में आग लगने से कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। बचे हुए लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जकार्ता: रविवार को देश के उत्तरी सुलावेसी प्रांत की राजधानी मनाडो के एक नर्सिंग होम में आग लग गई, जिसमें कम से कम 16 लोगों की जान चली गई। शिन्हुआ के मुताबिक, उत्तरी सुलावेसी क्षेत्रीय पुलिस (पोल्डा सुलुत) के जनसंपर्क प्रमुख, आलमस्याह पी हसीबुआन ने बताया कि पीड़ितों की पहचान की प्रक्रिया अभी भायांगकारा अस्पताल में चल रही है। हादसे के बाद शवों को यहीं लाया गया था। इसके बाद अधिकारी पीड़ितों के परिवारों से संपर्क करेंगे।
शिन्हुआ ने बताया कि आग रविवार को रात करीब 8:36 बजे (स्थानीय समय) मनाडो के पाल दुआ जिले के रानोमुउत उप-जिले में स्थित पंती वर्धा दमाई नर्सिंग होम में लगी।
मनाडो शहर की सरकार की तरफ से भेजी गई तीन दमकल गाड़ियों के मौके पर पहुंचने के बाद रात 9:30 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने तुरंत इलाके को सुरक्षित किया और बचाव के काम में मदद की। जो लोग बच गए थे, उन्हें मनाडो सिटी रीजनल अस्पताल और परमाटा बुंदा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि मृतकों को आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया।
पुलिस की फोरेंसिक टीमों ने जांच शुरू कर दी है। इसमें घटना की वजह का पता लगाने के लिए क्राइम सीन की जांच और गवाहों से पूछताछ शामिल है। इस घटना के बारे में और जानकारी का इंतजार है। इसी महीने की शुरुआत में, राजधानी जकार्ता में एक रिहायशी घर में आग लगने से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई थी। शिन्हुआ के मुताबिक, 18 दिसंबर को रात करीब 8:10 बजे (स्थानीय समय) आग लगी थी। 10 दमकल गाड़ियों को भेजने के बाद रात 11:00 बजे (स्थानीय समय) तक आग पर काबू पा लिया गया। पीड़ितों का पता अगली सुबह करीब 8:00 बजे (स्थानीय समय) चला। अदजी ने आगे बताया कि वह घर एक्सेसरीज बनाने के गोदाम के तौर पर भी इस्तेमाल होता था और शुरुआती जांच से पता चलता है कि आग शायद बिजली के शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी।
