अमेरिका ने वेनेजुएला की राजधानी कराकस समेत चार शहरों पर बड़ा सैन्य हमला किया है। राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने इस हमले की निंदा करते हुए मुंहतोड़ जवाब देने की चेतावनी दी है और देश में इमरजेंसी लगा दी है।

नई दिल्ली: अमेरिका ने शनिवार तड़के वेनेजुएला की राजधानी कराकस समेत चार शहरों को निशाना बनाते हुए बड़े पैमाने पर सैन्य हमला किया है। इनमें मिरांडा, अरागुआ और ला गुएरा शामिल हैं। अमेरिका ने इन राज्यों में सैन्य ठिकानों पर सात हवाई हमले किए। पहला हमला स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 2 बजे हुआ। अमेरिकी मीडिया सीबीएस न्यूज के मुताबिक, ट्रंप ने सैन्य सुविधाओं और वेनेजुएला के अंदर कई प्रमुख जगहों पर हमले का आदेश दिया था।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

हमले के एक वायरल वीडियो में शहर के ऊपर करीब 10 विमान उड़ते हुए दिखाई दिए। रॉयटर्स ने बताया कि शहर के कई इलाकों में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं और उसके बाद बिजली काट दी गई। हमले के तुरंत बाद, वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने कहा कि हम इस हमले का मुंहतोड़ जवाब देंगे। देश भर में इमरजेंसी की घोषणा कर दी गई है। उन्होंने कहा कि अमेरिका वेनेजुएला के तेल और खनिज संसाधनों पर कब्जा करने के लिए तख्तापलट करने की कोशिश कर रहा है।

हम पर हुए हमले का जवाब देंगे

हमले के बाद, वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने कहा कि वह अमेरिकी सरकार की सैन्य कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हैं। हमलों में कराकस शहर और मिरांडा, अरागुआ और ला गुएरा राज्यों में नागरिक और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया है। हम इन हमलों का कड़ा जवाब देंगे। अमेरिका हमारे देश में तख्तापलट की कोशिश कर रहा है और हमने संयुक्त राष्ट्र से सुरक्षा परिषद की तत्काल बैठक बुलाने का आग्रह किया है।

मादुरो ने डिफेंस प्लान शुरू किया

अमेरिकी हमले के बाद, वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो ने देश की सभी रक्षा योजनाओं को सक्रिय करने का आदेश दिया है। इसका मतलब है कि राष्ट्रपति कुछ समय के लिए लोगों के अधिकारों को सीमित कर देंगे और सेना की भूमिका बढ़ा देंगे।

वेनेजुएला के 4 ठिकानों पर अमेरिकी हमला

फुएर्ते टियूना: राजधानी कराकस में स्थित प्रमुख सैन्य अड्डा और देश का सबसे बड़ा सैन्य अड्डा।

ला कार्लोटा: कराकस का प्रमुख हवाई अड्डा, जिसका इस्तेमाल सैन्य और नागरिक उड़ानों के लिए किया जाता है।

एल वोल्कन: कराकस की पहाड़ियों में स्थित संचार केंद्र।

ला गुएरा बंदरगाह: देश का प्रमुख बंदरगाह, जो कराकस के पास कैरेबियन तट पर है।

कराकस कई खुफिया एजेंसियों और एयरबेस का गढ़

कराकस वेनेजुएला की राजधानी और सबसे बड़ा शहर है। यह उत्तरी वेनेजुएला में कॉर्डिलेरा डे ला कोस्टा पर्वत श्रृंखला में, कैरेबियन सागर के करीब स्थित है। यहां राष्ट्रपति भवन, रक्षा मंत्रालय, सैन्य मुख्यालय, खुफिया एजेंसियां और एक प्रमुख हवाई अड्डा है। कराकस की आबादी 30 लाख से ज्यादा है।