सार

अमेरिकी राष्ट्रपति का विमान, एयर फ़ोर्स वन, ना सिर्फ़ एक विमान बल्कि एक उड़ता हुआ किला है। इसमें अत्याधुनिक सुरक्षा व्यवस्था, मेडिकल सुविधाएं और कई ख़ासियतें हैं जो इसे दुनिया का सबसे सुरक्षित विमान बनाती हैं।

वर्ल्ड डेस्क। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प (Donald Trump) 20 जनवरी को पदभार ग्रहण करेंगे। इसके बाद वह अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले विमान VC-25A की सवारी करेंगे। इसे दुनिया का सबसे सुरक्षित हवाई जहाज कहा जाता है।

अमेरिका के राष्ट्रपति जिस विमान में सवार होते हैं उसे एयर फोर्स वन (Air Force One) कहा जाता है। "एयर फोर्स वन" राष्ट्रपति को ले जाने वाले विमान का आधिकारिक एयर ट्रैफिक कंट्रोल कॉल साइन है। राष्ट्रपति जिस भी विमान में सवार होंगे उसका कॉल साइन एयर फोर्स वन होगा।

बोइंग 747 विमान में सवार होते हैं अमेरिका के राष्ट्रपति

अमेरिका के राष्ट्रपति की सवारी के लिए बोइंग 747 विमान (Boeing 747-200B) को मॉडिफाइड किया गया है। इसे VC-25A कहा जाता है। राष्ट्रपति दो विमान इस्तेमाल करते हैं। इनकी टेल संख्या 28000 और 29000 है।

राष्ट्रपति के लिए तैयार किया गया विमान आम बोइंग 747 विमान से अलग है। इसमें अत्याधुनिक नेविगेशन, इलेक्ट्रॉनिक और संचार उपकरण लगाए गए हैं। विमान को किसी महल की तरह सजाया गया है। इस विमान में उड़ान के दौरान इंधन भरा जा सकता है।

यह विमान एक बार में 12 हजार किलोमीटर से अधिक दूरी तक उड़ान भर सकता है। इसकी अधिकतम रफ्तार 1013 किलोमीटर प्रतिघंटा है। तीन फ्लोर वाले VC-25A विमान में 4,000 वर्ग फीट जगह है। इसमें राष्ट्रपति के लिए एक सुइट भी शामिल है। इसमें एक बड़ा ऑफिस, शौचालय और कॉन्फ्रेंस रूम है। विमान में एक मेडिकल सुइट भी है। यहां ऑपरेशन तक किया जा सकता है। एक डॉक्टर स्थायी रूप से विमान में रहता है। विमान में 100 लोग एक साथ खाना खा सकते हैं।

मिसाइल हमले से बच सकता है यह विमान

VC-25A विमान में अत्याधुनिक सुरक्षा व्यवस्था है। इसमें हमला करने आ रहे मिसाइल को रोकने के लिए एंटी मिसाइल सिस्टम लगाया गया है। विमान के बाहरी परत को धमाका सहने लायक बनाया गया है। विदेश यात्रा या दूर-दराज के इलाके में जाने के दौरान एयर फोर्स वन अकेले उड़ान नहीं भरता। इसके आगे सामान ढोने वाले विमान उड़ते हैं। इनमें राष्ट्रपति द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले सामान रखे जाते हैं। एयर फोर्स वन में करीब 70 लोग सवार होते हैं। इसके क्रू मेंबर की संख्या 20 से अधिक है।

अगर राष्ट्रपति को ऐसे इलाके से उड़ान भरना हो जहां हवाई खतरा है तो अमेरिकी वायुसेना के लड़ाकू विमान एयर फोर्स वन की सुरक्षा के लिए साथ उड़ते हैं। एयर फोर्स वन में ऐसी व्यवस्था है कि विमान पर हमला होने की स्थिति में भी राष्ट्रपति की जान बचाई जा सके। विमान में राष्ट्रपति के लिए घर और ऑफिस की तरह काम करता है।