दक्षिण कोरिया की एक महिला खुद कत्ल कर देखना चाहती थी कि हत्या कैसे होती है। उसने तीन महीने पहले से इसकी तैयारी की। एक महिला की हत्या की और उसके शव को टुकड़े-टुकड़े कर फेंक दिया। 

सीयोल। दक्षिण कोरिया की एक महिला पर क्राइम शो का इतना असर हुआ कि वह खुद हत्यारन बन गई। महिला खुद कत्ल कर देखना चाहती थी कि हत्या कैसे की जाती है। उसने एक महिला की हत्या की और उसके शव के टुकड़े-टुकड़े कर दिए। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

इंडिपेंडेंट की रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने बताया है कि हत्या अत्यधिक जिज्ञासा के चलते की गई। महिला सच्चे आपराधिक घटनाओं पर आधारित टीवी शो की दीवानी थी। वह क्राइम से जुड़ी किताबें भी पढ़ती थी। महिला खुद हत्या का अनुभव पाना चाहती थी। महिला की उम्र 23 साल है। उसकी पहचान जंग यू-जंग के रूप में हुई है। उसने हत्या की बात कबूल की। उसे शुक्रवार को हत्या के लिए दोषी ठहराया गया। महिला ने पहले कहा था कि उसने झगड़ा के दौरान पीड़िता को मार दिया था।

हत्या के प्रति जुनूनी हो गई थी महिला

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि जंग टीवी कार्यक्रमों और किताबों से हत्या के प्रति जुनूनी हो गई थी। उसने पूरी प्लानिंग से हत्याकांड को अंजाम दिया। उसने कई महीने पहले बेहद बारीकी से हत्या की योजना बनाई। जंग के मोबाइल की जांच से पता चला कि वह इंटरनेट पर तीन महीने पहले से शव को ठिकाने लगाने के तरीके खोज रही थी। उसने सच्चे अपराध की घटनाओं पर बने कई टीवी शो देखे और पुस्तकालय से अपराध पर लिखी गईं किताबें लीं।

महिला ने हत्या के बाद शव के किए टुकड़े-टुकड़े

जंग ने अपने शिकार की तलाश के लिए एक ऐप का इस्तेमाल किया। यह ऐप माता-पिता को निजी ट्यूटर्स से जोड़ता है। जंग ने नौवीं-ग्रेडर की मां से संपर्क किया। उसने पीड़िता से कहा कि उसकी बेटी उसके घर परामर्श के लिए आएगी। हत्या के दिन वह स्कूल ड्रेस पहनकर पीड़िता के घर गई और चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद जंग ने शव के टुकड़े-टुकड़े कर दिए। उसने शव के कुछ टुकड़ों को बैग में रखा और जंगली इलाके में नदी किनारे फेंक दिया। पीड़िता गायब लगे इसके लिए उसने उसका मोबाइल फोन, आईडी कार्ड और पर्स भी अपने पास रख लिया।

ऐसे आई पुलिस की पकड़ में

महिला शव के टुकड़ों से भरे बैग को एक टैक्सी में रखकर जंगली इलाके में ले गई थी। टैक्सी ड्राइवर को महिला पर शक हो गया था। उसने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने मामले की जांच की तो खून लगे कपड़े जंगली इलाके में बरामद किए। पुलिस ने उस बैग को भी बरामद कर लिया, जिसमें रखकर शव के टुकड़े फेंके गए थे। इसके बाद पुलिस जंग तक पहुंच गई और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कहा कि यह पता लगाने के लिए टेस्ट कराया जा रहा है कि जंग मनोरोगी है या नहीं।